दुनिया के महानतम टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर ने रविवार को अपने ताज में एक और नगीना जड़ लिया, ऑस्ट्रेलिया के 20 वर्षीय एलेक्स डी को 6-2, 6-2 से मात देते हुए स्विट्जरलैंड के इस खिलाड़ी ने घरेलू दर्शकों के बीच स्विस ओपन का खिताब अपने नाम किया। फेडरर रिकॉर्ड 10वीं बार यहां चैम्पियन बने। उन्होंने टूर्नामेंट में लगातार 24वीं और कुल 75वीं जीत दर्ज की। पिछली बार वे 2013 के फाइनल में अर्जेंटीना के जुआन मार्टिन डेल पोत्रो से हारे थे।
घरेलू मैदान पर इस जीत को फेडरर ने अविश्वसनीय बताया। मैच के बाद ट्रॉफी लेने के दौरान वे 9000 दर्शकों के सामने भावुक हो गए थे। फेडरर करियर की शुरुआत से पहले इस कोर्ट पर बॉल बॉय थे। उन्होंने 103वां एटीपी टाइटल अपने नाम किया। वे अमेरिका के जिमी कोनर्स के सबसे ज्यादा 109 एटीपी टाइटल से अब सिर्फ छह खिताब पीछे हैं।
फेडरर ने एलेक्स के बारे में कहा कि उनका यह साल बेहतरीन रहा है। टूर्नामेंट जीतना आसान नहीं होता, लेकिन उन्होंने तीन बार इस साल ऐसा किया। वहीं, एलेक्स ने कहा कि मैं उम्मीद कर रहा था कि रोजर बीमार हो जाए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वे फिर से बहुत अच्छे थे। यह आश्चर्यजनक था। बासेल में उनके खिलाफ खेलना एक सपने की तरह था। यह मेरे लिए बेहतरीन समय रहा। आगे और भी ज्यादा मेहनत करूंगा।