टेनिस सुपरस्टार रोजर फेडरर भी रियो ओलंपिक में नजर नहीं आएंगे। इसके साथ ही फेडरर 2016 का आगामी सीजन भी छोड़ेंगे। स्विट्जरलैंड के सुपरस्टार ने खुद ही इसकी जानकारी दी। फेडरर घुटने की चोट से जूझ रहे हैं और सर्जरी कराने के लिए उन्होंने अपना नाम वापिस लिया है।
17 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता फेडरर ने साफ किया कि वो अगले महीने होने वाले ओलंपिक खेलों में स्विट्जरलैंड का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाएंगे। फेडरर ने 2012 लंदन ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीता था। इसके अलावा उन्होंने 2008 के बीजिंग ओलंपिक में भी डबल्स में गोल्ड जीता था।
अगस्त में 35 साल के होने वाले फेडरर लंबे समय से घुटने की चोट से जूझ रहें हैं। इसी साल फरवरी में उनके घुटने की सर्जरी हुई थी। फिर कमर दर्द के चलते उन्होंने मई में फ्रेंच ओपन भी छोड़ दिया था। इसी सिलसिले में उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि 2016 का बाकी समय अपनी रिकवरी पर ध्यान देना चाहिए।