स्विस स्टार रोजर फेडरर ने रविवार को बेल्जियम के डेविड गोफिन को सीधे सेटों में शिकस्त देकर हाले एटीपी टूर्नामेंट में रिकार्ड 10वां खिताब अपने नाम किया। इस जीत की वजह से विम्बलडन से पहले उनके आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होगी।
37 साल के फेडरर ने गोफिन को 7-6 6-1 से परास्त कर अपने करियर का 102वां एकल खिताब जीता। इस सत्र में घसियाले कोर्ट पर उन्हें हार का मुंह नहीं देखना पड़ा है। फेडरर ने कहा, 'यह अविश्वसनीय है। जब मैं पहली बार यहां खेला था तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं यहां दस खिताब जीतूंगा।'
अगले महीने नौंवे विम्बलडन खिताब की कोशिश में जुटे फेडरर अपने रिकार्ड 20 करियर ग्रैंडस्लैम खिताब में इजाफा करना चाहेंगे। फेडरर ने शनिवार को सेमीफाइनल में पिएरे ह्यूजेस हर्बर्ट को 6-3 6-3 से शिकस्त देकर 13वीं बार हाले एटीपी टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया था।
वहीं, डेविड गोफिन ने इटली के माटियो बेरेटिनी को 7-6 6-3 से शिकस्त देकर 2017 के बाद पहले एटीपी टूर फाइनल में जगह बनाई थी।