विश्व के नंबर दो खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और दो बार के पूर्व चैंपियन सर्बिया के नोवाक जोकोविच को तीसरे दौर में पहुंचने के लिए संघर्ष करना पड़ा। 37 साल के फेडरर ने फ्रांस के बेनोएट पियरे को लगातार सेटों में 7-5, 6-4, 6-4 से दो घंटे में हराया। फेडरर का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस से होगा।
वहीं, सर्बिया के जोकोविच साल के चौथे ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन के तीसरे दौर में पहुंच गए हैं। जोकोविच ने पुरुष एकल के दूसरे दौर में अमेरिका के टेनी सैंडग्रीन को मात दी। सेंट्रल कोर्ट पर गुरुवार रात खेले गए मैच में दोनों का सामना दूसरी बार हो रहा था। इस मुकाबले में जोकोविक ने सैंडग्रीन को 6-1, 6-3, 6-7 (2), 6-2 से हराया। जोकोविच ने मैच को दो घंटे 45 मिनट में अपने नाम कर लिया।
चोट के चलते जोकोविच पिछले साल इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाए थे। हालांकि, वह अब भी अपनी कोहनी की चोट से उबर रहे हैं। इस सीजन में उन्होंने विंबलडन से ग्रैंड स्लैम में वापसी की थी। यूएस ओपन के पहले दौर में विंबलडन चैंपियन जोकोविच ने हंगरी के मर्टोन फुक्सोविक्स को 6-3, 3-6, 6-4, 6-0 से मात दी थी।
शीर्ष वरीय कैरोलीना बाहर
यूएस ओपन के अभी तक तीन दौर ही हुए हैं, लेकिन महिला सिंगल्स में शीर्ष वरीयता प्राप्त 10 में से 3 खिलाड़ी उलटफेर का शिकार हो गई हैं। शुक्रवार को दूसरी वरीयता प्राप्त डेनमार्क की कैरोली को भी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें विश्व की 32वें नंबर की खिलाड़ी यूक्रेन की लेसिया सुरेंको ने 6-4, 6-2 से हराया। एजेंसी