पांच बार के चैंपियन स्विट्जरलैंड के अनुभवी टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर और 2012 के विजेता ब्रिटेन के एंडी मरे शानदार जीत के साथ वर्ष के चौथे और अंतिम ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन के दूसरे दौर में प्रवेश कर गए।
दूसरी वरीयता प्राप्त फेडरर ने पुरुष एकल वर्ग के पहले दौर के मुकाबले में विश्व के 34वीं वरीयता प्राप्त अर्जेंटीना के लेओनार्डो मायेर को 6-1, 6-2, 6-2 से पराजित कर दूसरे दौर में जगह बनाई। यह मुकाबला 77 मिनट तक चला।
पिछले 45 साल में यूएस ओपन में सबसे उम्रदराज चैंपियन बनने की कोशिश में जुटे 34 वर्षीय फेडरर ने 12 ऐस और 29 विनर लगाए। अगले दौर में 17 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन फेडरर का सामना बेल्जियम के स्टीव डारर्किस से होगा जिसे साइप्रस के अनुभवी मार्कस बघदातिस के रिटायर्ड हर्ट होने से अगले दौर में प्रवेश मिला।
तीसरी वरीयता प्राप्त मरे ने पहले दौर में ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस 7-5, 6-3, 4-6, 6-1 से शिकस्त दी। अगले दौर में मरे का सामना फ्रांस के एड्रियान मानारिनो से होगा। पांचवीं वरीयता प्राप्त स्टिवट्जरलैंड के स्टानिसलास वावरिंका ने स्पेन के अल्बर्ट रामोस विनोलेस को 7-5, 6-4, 7-6 से पराजित कर दूसरे दौर में जगह बनाई। अगले दौर में वावरिंका का सामना दक्षिण कोरिया के युवा चुंग हेयोन से होगा।
जापान के 19 वर्षीय योशिहितो निशिओका ने फ्रांसीसी क्वालीफायर पॉल हेनरी मैथ्यू को 6-4, 2-6, 6-7, 6-1, 6-2 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।