घुटने की चोट से उबरने के बाद अपना दूसरा टूर्नामेंट खेल रहे दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी स्पेन के राफेल नदाल ने ब्राजील ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया है। नदाल ने अर्जेंटीना के डेविड नालबैंडियन को ब्राजील ओपन के फाइनल में 6-2, 6-3 से हराकर नौ महीने बाद अपना पहला खिताब जीत लिया।
नदाल ने पहले सेट में दो बार नाडबैंडियन की सर्विस भंग की और फिर दूसरे सेट में 0-3 से पिछड़ने के बाद लगातार छह गेम जीतते हुए पिछले वर्ष फ्रेंच ओपन के बाद अपना पहला खिताब जीत लिया। 11 ग्रैंड स्लेम खिताबों के मालिक नदाल अब भी घुटने में दर्द की शिकायत से पूरी तरह उबरे नहीं है। वह पिछले वर्ष विंबलडन के दूसरे दौर में सनसनीखेज हार के बाद घुटने की चोट के कारण सात महीने टेनिस कोर्ट से बाहर रहे थे।
अपने कैरियर में नदाल ने दूसरी बार ब्राजील ओपन का खिताब जीता है। इससे पहले उन्होंने 2005 में यह खिताब अपने नाम किया था। उन्होंने कहा कि इस खिताब का मेरे लिए बहुत महत्व है। पिछली बार जब मैंने यहां खिताब जीता था तो उसके बाद मैंने लगातार सफलता हासिल की थी। मैं उम्मीद करता हूं कि इस बार भी ऐसा ही होगा।