युगल विशेषज्ञ लिएंडर पेस ने आखिरकार इस साल का खिताबी सूखा समाप्त कर लिया है। उन्होंने अपने कनाडाई साझेदार डेनियल नेस्टर के साथ विंस्टन-सलेम ओपन के युगल खिताब पर कब्जा जमा लिया।
पेस और नेस्टर ने खिताबी मुकाबले में ट्रेट हुए और डोमिनिक इंगलोट की जोड़ी को 7-6 (10), 7-5 से हरा दिया।
पेस और नेस्टर दोनों 40 के हैं और अपने करियर में दूसरी बार दोनों एक साथ खेल रहे हैं। भारत-कनाडा की इस जोड़ी ने गैर-वरीयता प्राप्त जोड़ी को महज एक घंटे 33 मिनट में हरा दिया।
इस विजयी जोड़ी ने जब क्वार्टर फाइनल में जीत हासिल की तो नेस्टर 900 मैच खेलने वाले दुनिया के पहले युगल खिलाड़ी बन गए थे। उनकी जीत का रिकॉर्ड 902-358 है।