यूएस ओपन के सही समय पर आयोजन के लिए आयोजक कुछ योजनाओं पर विचार कर रहे हैं। इनमें यूरोप, दक्षिण अमेरिका और मध्य पूर्व से खिलाड़ियों को चार्टर्ड विमान से न्यूयॉर्क लाना और यात्रा से पहले कोविड-19 टेस्ट भी शामिल है। इनके अलावा हर दिन तापमान मापना, केंद्रीकृत आवास, दर्शकों के बिना मैच, कोर्ट पर कम से कम अधिकारी और अभ्यास के दिनों में लॉकर रूम बंद रखने पर भी विचार किया जा रहा है।
अमेरिकी टेनिस संघ (यूएसटीए) में पेशेवर टेनिस की मुख्य कार्यकारी स्ट्रेसी एलेस्टर ने कहा,‘इन पर अभी सिर्फ विचार किया जा रहा है। हमने अभी तक कोई फैसला नहीं किया है। हम अब भी तय तारीखों में बिली जीन किंग नेशनल टेनिस सेंटर में सुरक्षित वातावरण में यूएस ओपन का आयोजन करने पर ध्यान दे रहे हैं। वैकल्पिक स्थान या वैकल्पिक तिथियों पर अभी विचार नहीं किया जा रहा है।’ यूएस ओपन का मुख्य ड्रॉ 31 अगस्त से शुरू होना है। एलेस्टर ने कहा कि इसके बार में फैसला जून के मध्य या आखिर में कर लिया जाएगा।