39 वर्षीय स्विटजरलैंड के स्टार खिलाड़ी रोजर फेडरर साल 2020 में टेनिस कोर्ट पर नजर नहीं आएंगे। ट्विटर पर बुधवार को अपने फैंस के नाम खुला खत लिखते हुए रोजर ने यह दर्द साझा किया। ट्वीट में वह बता रहे हैं कि अब 2021 की शुरूआत में ही टेनिस कोर्ट पर वापसी होगी। घुटने का दर्द फिर से उभर आया है, पिछले कुछ हफ्तों से मुझे रिहैबिलिटेशन के शुरुआती चरण में परेशानी महसूस हुई है, जिसके कारण तुरंत अपने सर्जरी करानी पड़ी है। अब फिर से 2017 में जिस तरह से फिट होने के लिए समय लिया था उसी तरह 100 फीसदी फिट होने की योजना बनाई है, उसके बाद ही टेनिस कोर्ट में उतरूंगा।
दूसरी ओर विश्व के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच भी फ्रेंच ओपन की तैयारियों के लिए इस साल होने वाले यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट से हटने पर विचार कर रहे हैं। जोकोविच ने मंगलवार को सर्बिया के चैनल आरटीएस से कहा कि कोरोना वायरस के कारण न्यूयार्क में होने वाले ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के लिए परिस्थितियां काफी कड़ी होंगी। उन्होंने कहा, 'मैंने जितने खिलाड़ियों से बात की वे वहां जाने को लेकर आशंकित थे। अभी की परिस्थितियों को देखते हुए मैं सितंबर में क्ले कोर्ट पर टेनिस सत्र जारी रख सकता हूं।'
कोविड-19 महामारी के कारण अन्य खेलों की तरह टेनिस प्रतियोगिताएं भी ठप पड़ी हैं। अधिकतर टूर्नामेंटों को जुलाई के आखिर तक रद्द कर दिया गया है। इनमें फ्रेंच ओपन भी शामिल है जिसे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पिछले सप्ताह हो जाना था, लेकिन उसे सितंबर तक स्थगित कर दिया गया। विंबलडन को 1945 के बाद पहली बार रद्द कर दिया गया है। यूएस ओपन के आयोजन को लेकर अमेरिकी टेनिस संघ अगले सप्तह तक फैसला कर सकता है। यूएस ओपन का मुख्य ड्रा पूर्व कार्यक्रम के अनुसार 31 अगस्त से शुरू होना है।