इस समय टेनिस कोर्ट के 'बेताज बादशाह' बन चुके नोवाक जोकोविच ने अपने शानदार करियर में एक और मुकाम को छु लिया है। उन्होंने अपने टेनिस करियर में 700वीं जीत हासिल कर ली है।
वर्ल्ड नंबर वन जोकोविच ने दुबई टेनिस चैंपियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ट्यूनिशिया के मालक जैरी को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 65 मिनट तक चले मुकाबले में 6-1, 6-2 से जीत हासिल की। और अब क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उनका अगला मुकाबला स्पेन का फैलिसिएनो लोपोज के साथ होगा।
28 साल के इस दिग्गज खिलाड़ी ने उन 12वें खिलाड़ियों की लिस्ट में अपना नाम लिखवा लिया हैं जिसने अपने करियर में कम से कम 700 जीत का स्वाद चखा है। करियर में सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड अमेरिका के जिम्मी कोनर्स के नाम दर्ज है जिन्होंने 1254 जीत हासिल किए थे।
साथ ही जोकोविच ऐसे तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं जो इस समय पेशेवर टेनिस खेल रहे हैं और 700 जीत हासिल की हो। स्विटजरलैंड के रोजर फेजरर 1067 और स्पेन के राफेल नदाल ने 775 मुकाबले जीत चुके हैं।
आयोजकों ने उनकी इस शानदार उपलब्धि पर खास इंतजाम किया था। उनके सम्मान में #nole700 नाम से हैशटैग जारी किया।
इस उपलब्धि पर उन्होंने कहा, "मैंने 10 साल पहले पेशेवर करियर की शुरुआत की थी। मुझे इस खेल से और इसके हर क्षण से बेहद प्यार है। मुझे खुद से बहुत ज्यादा उम्मीदें हैं, मैं सुधार के लिए लगातार मेहनत कर रहा हूं और अपने खेल में नई चीजें भी शामिल करता हूं। लेकिन मैं जानता हूं सिर्फ मैं ही अकेला नहीं हूं जो नंबर वन और खिताब जीतना चाहता है।"