विश्व के शीर्ष वरीयता प्राप्त सर्बिया के टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी और 17 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को हराकर वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
जोकोविच छठी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंचे हैं जबकि उन्होंने पांचवीं बार ग्रैंड स्लैम के खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है।
जोकोविच ने पुरुष एकल के सेमीफाइनल में तीसरी सीड फेडरर को दो घंटे 19 मिनट तक चले मुकाबले में 6-1, 6-2, 3-6, 6-3 से पराजित किया।
फाइनल में जोकोविच की भिड़ंत रविवार को ब्रिटेन के एंडी मरे या मिलोस राओनिक से होगी। जोकोविच और फेडरर के बीच यह 45वां मुकाबला था। जोकोविच ने अब तक 23 जबकि फेडरर ने 22 मुकाबले अपने नाम किए हैं।
सितंबर 2014 से सोमदेव एटीपी टूर में मुख्य ड्रॉ में एक भी एकल मुकाबला नहीं जीत पाए हैं। तब उन्होंने चीन के शिन जाओ को हराया था।
सेरेना और केरबर में होगी खिताबी भिड़ंत
दुनिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त अमेरिका की टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन के महिला एकल वर्ग में खिताब के लिए जर्मनी की एंगेलिक केरबर से भिड़ेंगी।
सेरेना छह बार यहां चैंपियन रह चुकी हैं। सेरेना ने सेमीफाइनल में पोलैंड की एगनिस्का रद्वांस्का को महज 64 मिनट में 6-0, 6-4 से पराजित कर दिया। दूसरी ओर, केरबर ने ग्रेट ब्रिटेन की जोहान कोंटा को 7-5, 6-2 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
सेरेना ने अब तक 25 ग्रैंड स्लैम फाइनल में से 21 जीते हैं। उन्होंने अब तक ऑस्ट्रेलियन ओपन में सेमीफाइनल मैच कभी नहीं गंवाया है। उन्होंने रद्वांस्का को 2008 के बाद से हुए आठ मुकाबलों में मात दी है।
वह स्टेफी ग्राफ के ओपन युग के 22 ग्रैंड स्लैम खिताबों से एक जीत दूर हैं। सेरेना यदि यहां चैंपियन बनती हैं तो वह मार्गेरेट कोर्ट के 24 ग्रैंड स्लैम के सर्वकालिक रिकॉर्ड के भी करीब पहुंच जाएंगी।