रविवार को फ्रेंच ओपन पुरुष एकल का खिताब रिकॉर्ड आठवीं बार लगातार चौथी बार जीतकर स्पेनिश खिलाड़ी राफेल नदाल ने साबित कर दिया कि लाल बजरी पर उनकी बादशाहत को चुनौती देना लगभग नामुमकिन है।
फाइनल मुकाबले में तीसरी सीड नदाल ने चौथी सीड हमवतन डेविड फेरर को एकतरफा मुकाबले में 6-3, 6-2, 6-3 से हराकर उनका पहला ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया।
पहली बार कैरियर का पहला ग्रैंडस्लैम फाइनल खेल रहे फेरर बिना कोई सेट गंवाए खिताबी मुकाबले में पहुंचे थे। लेकिन दो घंटे 16 मिनट तक चले इस मुकाबले में फेरर क्ले कोर्ट किंग नदाल के सामने कोई चुनौती पेश नहीं कर सके।
क्ले कोर्ट पर नदाल के हाथों फेरर की यह लगातार 17वीं हार है। दोनों खिलाड़ियों के बीच अभी तक कुल 24 मैच खेले गए हैं जिसमें से नदाल ने 20 में जीत हासिल की है।
2002 के बाद यह पहला मौका था जब फाइनल में दो स्पेनिश खिलाड़ियों के बीच मुकाबला था। आखिरी बार स्पेन के एलबर्ट कोस्टा ने हमवतन जुआन कार्लोस फरेरो को हराकर खिताब जीता था।
नदाल इस खिताबी जीत के साथ एक ही ग्रैंडस्लैम आठ बार जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए है। इस जीत से नदाल ने अपने खिताबों की संख्या 12 पहुंचा दी है जिनमें आठ फ्रेंच ओपन, दो विंबलडन, एक आस्ट्रेलियन ओपन और एक यूएस ओपन शामिल हैं।
कुल मिलाकर यह नदाल के कैरियर का 57वां खिताब है।