ब्राजील में फैले जीका वायरस रियो ओलंपिक के आयोजकों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है, अब 2 और खिलाड़ियों ने इस खेल से नाम वापस ले लिया है।
इस साल विंबलडन के उपविजेता मिलोस राओनिक और दुनिया के पांचवें नंबर की महिला खिलाड़ी सिमोना हालेप ने जीका वायरस के खतरे को देखते हुए रियो ओलंपिक से हटने का फैसला किया है।
दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी 25 वर्षीय राओनिक और हालेप ने इस बाबत घोषणा अपने फेसबुक एकाउंट पर की है। हालांकि रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच ने रियो में खेलने की पुष्टि कर दी है।
कनाडा के इस खिलाड़ी ने लिखा, "मैं बड़े दुख से बता रहा हूं कि मैं रियो 2016 ओलंपिक खेलों में भागीदारी से हटने की घोषणा कर रहा हूं।" वहीं, हालेप ने लिखा, "मुझे यह घोषणा करते हुए दुख हो रहा है कि मैं रियो गेम्स में भाग नहीं लूंगी। मेरे फैसले का कारण जीका वायरस से संबंधित स्वास्थ्य खतरा है।"
इन दोनों से पहले अमेरिका के टेनिस खिलाड़ी जान इसनर, ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम, ऑस्ट्रेलिया के बर्नार्ड टोमिक और निक किर्गियोस के साथ स्पेनिश दिग्गज फेलिसियानो लोपेज भी विभिन्न कारणों का हवाला देकर पहले ही ओलंपिक से बाहर हो चुके हैं।
पूर्व फ्रेंच ओपन चैंपियन इटली की फ्रानसेस्का शियावोन, पूर्व वर्ल्ड नंबर वन मारिया शारापोवा और विक्टोरिया अजारेंका भी ओलंपिक में खेलती नजर नहीं आएंगी।