मारिया शारापोवा पर लगा दो साल का प्रतिबंध
- फोटो : Agency
अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) ने डोपिंग में दोषी पाई गईं पूर्व नंबर वन टेनिस खिलाड़ी रूस की मारिया शारापोवा पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया है। शारापोवा इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन में प्रतिबंधित पदार्थ मेल्डोनियम के सेवन के लिए पॉजिटिव पाई गई थीं। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ ने पांच बार की ग्रैंडस्लैम चैंपियन को मार्च की शुरुआत में तब निलंबित कर दिया था, जब उन्होंने लास एंजिलिस में संवाददाता सम्मेलन में घोषणा कर दी कि वह जनवरी में डोप टेस्ट में नाकाम रही हैं।
शारापोवा ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी कि वर्ल्ड एंटी डोपिंग एजेंसी ने मेल्डोनियम के इस्तेमाल पर एथलीटों को रोक लगा रखी है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि मेल्डोनियम दवा को लेने से पहले उन्होंने नई सूची नहीं देखी थी। वह टेस्ट में फेल हो गई और वह इसकी पूरी जिम्मेदारी लेती हैं।
मेल्डोनियम को ही एक जनवरी से मेल्ड्रोनेट के नाम से ही जाना जाता है। 29 वर्षीय शारापोवा ने कहा कि उन्होंने चिकित्सा जरूरतों के आधार पर मेल्डोनियम ली थी। उन्होंने इस मामले में एक स्वतंत्र ट्राइब्यूनल के सामने एक सुनवाई का आग्रह किया था। शारापोवा अगस्त में होने वाले रियो ओलंपिक खेलों के लिए रूसी टेनिस टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि वह 26 जनवरी 2016 से लागू इस प्रतिबंध के खिलाफ अपील करेंगी।
'शारापोवा ने कोई छल नहीं किया'
टेनिस
- फोटो : Agency
उनके वकील जॉन हागेर्टी ने कहा कि शारापोवा ने यह पदार्थ 1 जनवरी से तिथि के बाद ली है। लेकिन शारापोवा की छल करने की मंशा नहीं थी। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी भी ली। ऑस्ट्रेलियन ओपन में डोप टेस्ट में नाकाम हो गईं। शारापोवा ने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन में सेरेना विलियम्स से क्वार्टर फाइनल में हारने के बाद से टेनिस नहीं खेली है। इस हफ्ते जारी मौजूदा रैंकिंग वह 26वें पायदान पर हैं। शारापोवा ने 17 साल की उम्र में 2004 में विंबलडन खिताब जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता की पहली सीढ़ी चढ़ी। उसके बाद इस ग्लैमरस खिलाड़ी ने एक बार ऑस्ट्रेलियन और यूएस ओपन तथा दो बार फ्रेंच ओपन ग्रैंडस्लैम खिताब जीता।
2006 से ले रही हैं यह ड्रग्स
दवाइयां
- फोटो : Agency
मेल्डोनियम का इस्तेमाल दिल की बीमारी के लिए होता है। शारापोवा इस ड्रग्स का इस्तेमाल 2006 से कर रही थीं। लेकिन 1 जनवरी 2016 को वाडा ने इसे प्रतिबंधित दवाओं की सूची में शामिल कर लिया। शारापोवा पर 26 जनवरी 2016 से अगले दो साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन पर प्रतिबंध के बाद काफी विवाद भी हुए। लेकिन अब उन्हें डोपिंग का दोषी पाया गया है और अगले दो साल वो टेनिस सर्किट पर नहीं दिखाई देंगी।
मारिया शारापोवा ने कहा, ‘वह आईटीएस के इस फैसले के खिलाफ अपील करेंगी। मैं दो साल के प्रतिबंध के फैसले को स्वीकार नहीं करती। आईटीएस ने मुझ पर दो साल प्रतिबंध का फैसला सुनाया है, जिससे साफ हो जाता है कि मैंने मेल्डोनियम का इस्तेमाल अनजाने में ही किया।’