लिएंडर पेस बेहद दुविधा में हैं कि रियो ओलंपिक में जाने के लिए सानिया के साथ खेलने का मोह छोड़ना होगा तभी उनका रास्ता साफ हो सकता है।
पिछले दिनों फ्रेंच ओपन मिश्रित युगल का खिताब जीतने वाले लिएंडर पेस के लिए अपने सातवें ओलंपिक के मिश्रित युगल में खेलना खटाई में पड़ गया दिखता है। पेस को मिश्रित युगल में सानिया मिर्जा के साथ खेलने का मोह छोड़ना होगा।
हालांकि पिछले 18 महीने में पेस ने इस वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्विस जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस के साथ फ्रेंच ओपन मिश्रित युगल खिताब जीता और करियर स्लैम पूरा किया। पेस को अगर रियो ओलंपिक में जाना है तो उन्हें सिर्फ पुरुष युगल से संतोष करना होगा क्योंकि इस बार नंबर वन सानिया भी अपना जोड़ीदार खुद चुनेंगी और माना जाता है कि सानिया पेस के मुकाबले बोपन्ना के साथ ज्यादा सहज हैं।
सानिया को भारी दबाव के बीच 2012 लंदन ओलंपिक में पेस के साथ खेलना पड़ा था जबकि वह महेश भूपति के साथ खेलना चाहती थीं।
दूसरी ओर, अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) इस कोशिश में लगा है कि ओलंपिक से पहले कोई विवाद पैदा नहीं हो और हर खिलाड़ी को ओलंपिक खेलने का मौका मिला। बोपन्ना ने अभी तक अपनी पसंद नहीं बताई है लेकिन समझा जाता है कि एआईटीए उन्हें पेस के साथ जोड़ी बनाने को कहेगा। भावनात्मक मुद्दा ही नहीं पेस अपनी बेहतरीन क्षमताओं के लिए भी जाने जाते हैं।