भारत के लिएंडर पेस और ऑस्ट्रिया के जुएरगन मेल्जर की सातवीं सीड जोड़ी के इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट से हटने के साथ ही टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।
पेस और मेल्जर को पहले राउंड में फ्रांस के बेनोत पेयरे और स्विट्जरलैंड के स्टानिस्लास वावरिंका के खिलाफ पुरुष डबल्स के पहले राउंड में उतरना था लेकिन यह जोड़ी मुकाबले के लिए नहीं उतरी। इनके बदले स्पेन के पेब्लो एंडुजार और डेनियल गिमेनो ट्रेवर को मौका मिला और उन्होंने पेयरे और वावरिंका को कडे़ मुकाबले में 4-6, 6-2, 10-8 से हराकर अगले दौर में जगह बना ली।
इससे पहले टूर्नामेंट के पुरुष डबल्स में भारत के महेश भूपति और कनाडा के डेनियल नेस्टर की तीसरी सीड जोड़ी जबकि महिला डबल्स में सानिया मिर्जा और अमेरिका की बेथानी माटेक सेंड्स की आठवीं सीड जोड़ी भी हारकर बाहर हो चुकी है।
मुश्किल से तीसरे राउंड में पहुंचे जोकोविच
पुरुष सिंगल्स में आस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन सर्बिया के नोवाक जोकोविच और तीसरी सीड ब्रिटेन के एंडी मरे इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे दौर में पहुंच गए है। टॉप सीड जोकोविच दूसरे दौर में इटली के फैबियो फोग्निनी के खिलाफ दूसरे सेट में लय खो बैठे थे लेकिन इसके बावजूद वह 6-0, 5-7, 6-2 से जीत दर्ज करने में सफल रहे।
इसी तरह मरे ने रूस के एव्गेनी डांस्काय के खिलाफ पहला सेट गंवाने के बाद 5-7, 6-2, 6-2 से जीत दर्ज की। पूर्व यूएस ओपन चैंपियन अर्जेंटीना के जुआन मार्टिन डेल पोत्रो, फ्रांस के जो विल्फ्रेड सोंगा, स्पेन के निकोलस अल्माग्रो, क्रोएशिया के मारिन सिलिच और कनाडा के मिलोस राओनिक भी तीसरे राउंड में पहुंचने में सफल रहे।
महिलाओं में पूर्व चैंपियन रूस की मारिया शारापोवा, तीसरी सीड पोलैंड की एग्निएस्का रद्वांस्का और पूर्व विंबलडन चैंपियन चेक गणराज्य की पेत्रा क्वितोवा चौथे राउंड में पहुंचने में सफल रहीं।