भारतीय टेनिस के दिग्गजों का विदेश में शानदार खेल जारी है। इन खिलाड़ियों ने ऑकलैंड और सिडनी में चल रहे टूर्नामेंट अपने नाम कर देश को दोहरा खिताब तोहफे में दिया है।
दिग्गज डबल्स खिलाड़ी लिएंडर पेस और रोहन बोपन्ना ने ऑस्ट्रेलियन ओपन की तैयारी का पुख्ता सुबूत देते हुए देश को दोहरी खिताबी जीत दिलाई। पेस ने अपने दक्षिण अफ्रीकी जोड़ीदार रेवेन क्लासेन के साथ ऑकलैंड ओपन जीता।
पेस-रेवेन ने खिताबी मुकाबले में डोमिनिक इंगलोट और फ्लोरिन मेरगिया की जोड़ी को 7-6, 6-4 से शिकस्त दी। पेस के कैरियर की यह 55वीं खिताबी जीत है। पेस-रेवेन हाल ही में पहली बार चेन्नई ओपन में एक साथ खेलने उतरे थे और वहां भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी।
चैंपियन बनने के बाद पेस ने अपने नए जोड़ीदार की तारीफ करते हुए कहा कि रेवेन की सबसे अच्छी बात यह है कि उनमें सीखने की ललक है। हम दोनों में लगातार अच्छी समझ विकसित हो रही है।
जबकि बोपन्ना ने कनाडा के डेनियल नेस्टर के साथ सिडनी ओपन अपने नाम किया। अपने शानदार खेल के बूते उन्होंने विपक्षी टीम को कड़े और रोमांचक मैच में शिकस्त दी।
सिडनी ओपन के फाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त बोपन्ना-नेस्टर की जोड़ी ने दूसरी सीड जूलियन रोजर और होरिया टेकाऊ की जोड़ी को एक घंटे 26 मिनट तक चले मुकाबले में 6-4, 7-6 से हराया।
मुकाबले के बाद बोपन्ना ने कहा कि हमने इस साल की शुरुआत से खेलना शुरू किया है और हम तभी से कड़ी मेहनत कर रहे हैं। नेस्टर जैसे अनुभवी खिलाड़ी के साथ खेलने से मुझे निश्चित ही लाभ मिलेगा।
सानिया ने जीता सत्र का पहला खिताब
इससे पहले भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने शुक्रवार को इस सत्र का पहला और करियर का 23वां खिताब जीता था। सानिया और बेथानी माटेक सेंड्स की जोड़ी ने टॉप सीड अमेरिका की एबिगाली स्पीयर्स और राक्यूएल कोप्स जोंस की जोड़ी को 6-3, 6-3 से हराकर एपिया इंटरनेशनल टूर्नामेंट का खिताब जीता।
सानिया और बेथानी का एक साथ यह पांचवां डब्ल्यूटीए खिताब है।