दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के स्टानिस्लास वावरिंका ने एल्जाज बेदेने को सीधे सेटों में हराकर चेन्नई ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब बरकरार रखा। टूर्नामेंट में जबरदस्त प्रदर्शन करने वाले बेदेने वावरिंका के खिलाफ लय से भटक गए और उन्हें 3-6, 4-6 से हार का सामना करना पड़ा।
स्लोवेनिया के बेदेने टूर्नामेंट में दुनिया के शीर्ष 20 खिलाड़ियों में शामिल दिग्गजों को हराकर फाइनल तक पहुंचे थे। दूसरी ओर एकतरफा फाइनल में वावरिंका ने बिना कोई सर्विस ब्रेक हुए महज 90 मिनट में खिताब पर तीसरी बार अपना कब्जा जमाया। वावरिंका 2011 और 2014 में यहां चैंपियन रह चुके हैं।
खिताब जीतने के बाद वावरिंका ने कहा, ‘खिताब के साथ साल की शुरुआत करना काफी अच्छा है। अब मैं ऑस्ट्रेलियन ओपन में हिस्सा लूंगा और वहां मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरना एक सुखद अनुभूति है। हालांकि पहले मैं आज की जीत का जश्न मनाऊंगा। मैं खुश हूं कि खिताब बचाने में सफल रहा।’
डबल्स में चूके लिएंडर पेस
भारत के लिएंडर पेस पुरुष डबल्स में सातवें खिताब से चूक गए। पेस और डबल्स में उनके 99वें जोड़ीदार रावेण क्लासेन को येन सून लू और जोनाथन मरे की जोड़ी ने 6-3, 7-6 से हराया।
मैच के बाद पेस ने कहा कि वह और दक्षिण अफ्रीका के उनकी जोड़ी को एक बेहतर जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा, ‘उन्होंने वाकई आज बहुत बढ़िया प्रदर्शन किया। मैं मैच का आंकड़ा देखकर खुश हूं। मैं सत्र की शानदार शुरुआत के लिए अपने पार्टनर का शुक्रिया करता हूं।’