भारत के टेनिस खिलाड़ी दिविज शरण एटीपी युगल रैंकिंग की सूची में एशिया के नंबर एक खिलाड़ी बन गए हैं। हाल ही में आई रैंकिंग में उन्हें तीन पायदान का फायदे हुआ है और वे 42वें नंबर पर पहुंच गए। उनसे ऊपर सभी 41 खिलाड़ी यूरोप, अमेरिका और कुछ दक्षिण अमेरिकी देश जैसे ब्राजील और अर्जेंटीना के हैं।
इस साल खेले गए 28 टूर्नामेंट में दिविज ने रोहन बोपन्ना समेत 10 अलग-अलग जोड़ीदारों के साथ जोड़ी बनाई और उन्हें ब्राजील के मार्सेलो डेमोलिनर के साथ अच्छे परिणाम मिले जिनके साथ वह म्यूनिख में बीएमडब्ल्यू ओपन के फाइनल तक भी पहुंचे। उन्होंने स्लोवाकिया के इगोर जेलेने के साथ मिलकर सेंट पीटर्सबर्ग ओपन में जीत हासिल की।