विश्व की 14वीं वरीयता प्राप्त स्पेन की गारबाइन मुगुरुजा ने पूर्व नंबर एक अमेरिका की वीनस विलियम्स को हराकर वर्ष के तीसरे ग्रैंड स्लैम विंबलडन खिताब अपने नाम कर लिए है। पिछले साल की फ्रेंच ओपन चैंपियन मुगुरुजा ने महिला एकल के फाइनल में पांच बार की चैंपियन और 10वीं सीड वीनस को 7-5, 6-0 से हराकर अपने कैरियर का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब जीता।
मुगुरुजा ने सेमीफाइनल में स्लोवाकिया की मगडेलेना रिबेरिकोवा को जबकि वीनस ने ब्रिटेन की जोहाना कोंटा को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। वीनस नौवीं बार फाइनल में पहुंची थीं। 2009 के बाद ऑल इंग्लैंड क्लब में वीनस पहला फाइनल खेल रही थीं।
खिताबी मुकाबले में हार के बाद 37 वर्षीया वीनस का चैंपियन बनकर ओपन एरा में सबसे अधिक उम्रदराज खिलाड़ी बनने का सपना टूट गया। इस मुकाबले से पूर्व वीनस का मुगुरुजा के खिलाफ 3-1 जीत-हार का रिकॉर्ड था। मुगुरुजा पिछले तीन वर्षों में दूसरी बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थीं।