स्पेन के फैलिसियानो लोपेज ने मंगलवार को विंबलडन में कोर्ट पर उतरने के साथ ही लगातार 66वीं बार ग्रैंड स्लैम में भाग लेकर दिग्गज रोजर फेडरर (65) का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 2002 में फ्रेंच ओपन में पदार्पण के बाद से लोपेज ने कभी कोई ग्रैंडस्लैम मिस नहीं किया है। उन्होंने पहले मुकाबले में फेडरिको डेलेबोनिस को 6-3, 6-4, 6-2 से मात देकर दूसरे दौर में जगह बनाई।
गत चैंपियन मुगुरूजा व हालेप ने पार की पहली बाधा
गत चैंपियन गरबाइन मुगुरुजा ने अपने खिताब की रक्षा की ओर पहला कदम बढ़ा दिया है। स्पेनिश स्टार ने विंबलडन के पहले दौर में मंगलवार को वाइल्ड कार्ड से प्रवेश पाने वाली ब्रिटेन की नोओमी ब्रॉडी को एक घंटे 30 मिनट तक चले मुकाबले में 6-2, 7-5 से पराजित किया। अगले दौर में मुगुरुजा सामना पोलैंड की एलिसन वान से होगा, जिन्होंने पोलोना हर्गो को 6-2, 6-2 से मात दी। अन्य मुकाबलों में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी सिमोना हालेप ने कुर्मी नारा को 6-2, 6-4 से, कार्लो सुआरेज नवारो ने कैरीना को 6-2, 6-4, एग्युनी बुचार्ड ने गैव्रिएला टेलर को 6-0, 4-6, 6-3 से, एंजेलिक कर्बर ने वेरा ज्वोनारेवा को 7-5, 6-3 से, जोहाना कोंटा ने नतालिया को 7-5, 7-6 से, समांथा स्टोसुर ने पेंग शुई को 6-4, 7-5 से, डोमिनिका सिबुलकोवा ने एजिले कॉर्नेट को 7-6, 6-1 से शिकस्त देकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
नडाल व जोकोविच भी दूसरे दौर में
पुरुष वर्ग में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी राफेल नडाल, सर्बिया के नोवाक जोकोविच, जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव और ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस भी दूसरे दौर में पहुंच गए। स्पेनिश खिलाड़ी नदाल ने डुडी सेला को 6-3, 6-3, 6-2 से, जोकोविच ने अमेरिका के टेनीस सैंडग्रेन को 6-3, 6-1, 6-2 से, ज्वेरेव ने जेम्स डकवर्थ को 7-5, 6-2, 6-0 से और किर्गियोस ने डेनिस इस्तोमिन को 7-6, 7-6, 6-7, 6-3 से हराया। डिएगो श्वार्टजमैन ने मिर्जा बासिक को 6-3, 6-2, 6-1 से, केई निशिकोरी ने किस्टियन हैरीसन को 6-2, 4-6, 7-6, 6-2 से, जिरी वेेस्ली ने फ्लोरियन मेयर 7-6, 6-4, 4-6, 6-1 से और जुआन डेल पोत्रो ने पीटर को 6-3, 6-4, 6-3 से हराया।