टेनिस जगत के ओपन ऐरा में सबसे सफलतम खिलाड़ी माने जाने वाले रोजर फेडरर ने अपने शानदार करियर में एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है।
विश्व रिकॉर्ड 17 ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम कर चुके फेडरर ने अपने एटीपी करियर की 900वीं जीत दर्ज करते हुए फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
दूसरी सीड फेडरर ने 15वीं सीड फ्रांस के जाइल्स सिमोन को पांच सेटों तक चले कड़े मुकाबले में 6-1, 4-6, 2-6, 6-2, 6-3 से मात देकर टूर्नामेंट के अंतिम आठ में जगह बनाई। इसी के साथ फेडरर लगातार 36वीं बार ग्रैंड स्लेम के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इसके अलावा इस स्विस खिलाड़ी की रोलां गैरों में रिकार्ड 58वीं जीत भी है।
फेडरर इसके साथ ही गुईलेरमो विलास और निकोला पियतरेंगली की बराबरी पर आ गए हैं। फेडरर अब सेमीफइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए छठी सीड फ्रांस के जो विल्फ्रेड सोंगा से मुकाबला करेंगे।
दूसरी ओर, तीसरी सीड बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका और रूसी खिलाड़ी मारिया किरिलेंको ने फ्रेंच ओपन में अपना विजय अभियान आगे बढ़ाते हुए महिला सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
पुरुषों में टॉप सीड सर्बियाई खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को चौथे दौर की बाधा पार करने के लिए काफी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लेकिन जर्मनी के टॉमी हास ने आसानी से जीत हासिल कर अगले दौर में शान से प्रवेश किया।
महिलाओं में अजारेंका का मुकाबला प्री-क्वार्टर फाइनल में पूर्व चैंपियन इटली की फ्रांसिस्का शियावोन से था। लेकिन अनुभवी खिलाड़ी शियावोन विपक्षी खिलाड़ी के सामने कोई चुनौती पेश नहीं कर सकीं। अजारेंका ने शियावोन को आसानी से एकतरफा मुकाबले में 6-3, 6-0 से शिकस्त दी।
एक अन्य मुकाबले में 12वीं सीड रूसी खिलाड़ी मारिया किरिलेंको को अमेरिका की बेथानी माटेक सेड्स ने कड़ी टक्कर दी। लेकिन काफी पसीना बहाने के बावजूद बेथानी जीत हासिल नहीं कर सकी और उन्हें 5-7, 4-6 से हार का सामना करना पड़ा। किरिलेंको का अगले दौर में अजारेंका से मुकाबला होगा।
पुरुष वर्ग में जोकोविच को 16वीं सीड जर्मन खिलाड़ी फिलिप कोलश्रेबर के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला। लेकिन शुरुआत में लड़खड़ाने के बाद जोकोविच ने 4-6, 6-3, 6-4, 6-4 से मुकाबला अपने नाम कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
अगले दौर में जोकोविच की टक्कर जर्मनी के ही 12वीं सीड खिलाड़ी टॉमी हास से होगा। हॉस ने रूस के मिखाली युझनी को आसानी से 6-1, 6-1, 6-3 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया।