रोजर फेडरर ने पेरिस मास्टर्स टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में प्रवेश करने के साथ ही लगातार रिकॉर्ड 12वें साल एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स में प्रवेश कर लिया है।
रिकॉर्ड 12वीं बार टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने के साथ ही वह चेकोस्लोवाकिया के इवान लेंडल के बराबर पहुंच गए हैं जिन्होंने सर्वाधिक बार सत्र के आखिरी टूर्नामेंट में जगह बनाई है।
वहीं, विश्व के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी स्पेन के राफेल नदाल ने भी अगले दौर में जगह बना ली है।
स्विट्जरलैंड के टेनिस स्टार और पांचवीं सीड फेडरर ने पुरुष एकल के दूसरे राउंड में दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन को लगातार सेटों में 6-4, 6-4 से करारी शिकस्त दी।
फेडरर को टूर में क्वालीफाई करने के लिए शीर्ष नौ खिलाड़ियों में जगह बनाना जरूरी था। इसके अलावा टॉप सीड राफेल नदाल ने हमवतन मार्सेल ग्रैनोलर्स को लगातार सेटों में 7-5, 7-5 से हराकर तीसरे राउंड में जगह बना ली है।
टूर्नामेंट में क्वालीफाई करने के लिए अभी दो और जगह खाली हैं। इस बीच स्विट्जरलैंड के स्टानिसलास वावरिंका ने दूसरे राउंड में स्पेन के पेलिसियानो लोपेज को 6-3, 3-6, 6-3 से हराकर टूर्नामेंट में पहुंचने की अपनी उम्मीदें कायम रखी हैं।