ऑस्ट्रेलियन ओपन में दिग्गजों के हारने का सिलसिला जारी है। सेरेना विलियम्स के बाद पुरुष वर्ग में गत चैंपियन को भी सेमीफाइनल से पहले बाहर होना पड़ा है।
साल के पहले ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलियन ओपन से दिग्गज खिलाड़ियों के बाहर होने की सूची में मंगलवार को तीन बार के चैंपियन सर्बिया के नोवाक जोकोविच और महिलाओं में सर्बिया की ही अना इवानोविच का नाम भी शामिल हो गया।
जोकोविच को आठवीं सीड स्विट्जरलैंड के स्टानिसलास वावरिंका ने जबकि इवानोविच को कनाडा की इयुजिनी बुकार्ड ने हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
वावरिंका ने राड लेवर एरेना में फ्लड लाइट में दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी जोकोविच को 2-6, 6-4, 6-2, 3-6, 9-7 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उनका मुकाबला चेक गणराज्य के टामस बर्दिच से होगा।
बर्डिच ने तीसरी सीड स्पेन के डेविड फेरर को 6-1, 6-4, 2-6, 6-4 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया है। जोकोविच का इस हार के साथ तीन साल से मेलबर्न पार्क में चला आ रहा साम्राज्य भी ध्वस्त हो गया।
बावरिंका ने इस जीत से जोकोविच का 28 मैचों का विजय क्रम भी तोड़ दिया। वावरिंका को गत वर्ष मेलबर्न और यूएस ओपन में जोकोविच के हाथों ही पांच सेटों में हार का सामना करना पड़ा था।
महिला वर्ग में कनाडा की युवा खिलाड़ी इयुजिनी बुकार्ड ने अपने करियर का अहम मुकाबला जीतने के साथ ही सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उनका मुकाबला चीन की ली ना से होगा।
सिंगल्स में एशिया की एकमात्र ग्रैंड स्लैम विजेता चौथी सीड ली ना ने 28वीं सीड इटली की फ्लेविया पेनेटा को लगातार सेटों में 6-2, 6-2 से मात दे दी।
दूसरी ओर कनाडा की 19 वर्षीय बुकार्ड ने पूर्व नंबर वन खिलाड़ी अना इवानोविच को तीन सेटों में 5-7, 7-5, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। इससे पहले विश्व की नंबर एक खिलाड़ी अमेरिका की सेरेना विलियम्स को चौंका कर पहले ग्रैंड स्लैम से बाहर करने वाली इवानोविच अपने अभियान को हालांकि इससे आगे तक नहीं ले जा सकीं।
वैसे इवानोवोच मैच में पूरी तरह फिट नहीं थीं जिस कारण उन्हें बीच में मेडिकल टाइम आउट भी लेना पड़ा था।