ब्रिटेन के जोनाथन मरे और डेनमार्क के फ्रेडरिक नील्सन ने पुरुष डबल्स का खिताब जीतकर स्थानीय समर्थकों को जश्न मनाने का मौका दे दिया। वह 1936 के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले ब्रिटेन के पहले खिलाड़ी हैं।
मरे और नील्सन की गैर वरीय जोड़ी ने स्वीडन के राबर्ट लिंडस्टेट और रोमानिया के होरिया टिकाउ की पांचवीं सीड जोड़ी को बेहद कड़े मुकाबले में 4-6, 6-4, 7-6, 6-7, 6-3 से हराकर खिताब पर कब्जा किया। दोनों का यह पहला खिताब है।
इस जोड़ी ने दो बार के चैंपियन और शीर्ष वरीय अमेरिका के ब्रायन बंधुओं बाब और माइक को सेमीफाइनल में शिकस्त दी थी और फिर फाइनल में भी अपने उसी प्रदर्शन को जारी रखते हुए खिताब पर कब्जा कर लिया।
नील्सन के दादा कुर्ट 1953 और 1955 में विंबलडन के सिंगल्स में उपविजेता रहे थे। खिताब जीतने के बाद मरे ने कहा, ‘मुझे अपनी जीत पर विश्वास नहीं हो रहा है। मेरे लिए इस खुशी को छिपा पाना मुश्किल हो रहा है। यह एक बेहतरीन एहसास है।’