अखिल भारतीय टेनिस महासंघ (एआईटीए) और इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (आईटीएफ) के सुरक्षा सलाहकारों के बीच भारत और पाकिस्तान के बीच डेविस कप मुकाबले को लेकर होने वाली टेलिकॉन्फ्रेंस अब सोमवार की जगह 20 अगस्त यानी मंगलवार को होगी। भारत के गैर खिलाड़ी डेविस कप कप्तान महेश भूपति ने बताया कि चर्चा को एक दिन के लिए स्थगित किया गया है।
भूपति को भी इस टेलिकॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेना था। भूपति ने अधिक जानकारी दिए बिना कहा, 'उन्होंने इसे कल के लिए स्थगित कर दिया है।' जम्मू-कश्मीर को मिला विशेष दर्जा रद्द किए जाने के बाद पाकिस्तान ने भारत के साथ राजनयिक रिश्तों को कम किया है जिसके बाद दोनों देशों के बीच इस्लामाबाद में होने वाले डेविस कप मुकाबले को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
भारत की सुरक्षा चिंताओं को दो बार खारिज करने के बाद इंटरनैशनल टेनिस फेडरेशन इस मुद्दे पर एआईटीए के प्रतिनिधियों के साथ टेलिकॉन्फ्रेंस के लिए राजी हो गया था।