क्रिकेटर शेन वार्न और मॉडल लिज हर्ले के बीच संबंध खत्म होने के बाद खेल जगत की एक और हसीन जोड़ी के टूटने की खबर है। खास बात यह है कि यह जोड़ी अपने-अपने खेलों में नंबर वन रही है।
रोरी मैक्लराय और कैरोलीन वोज्नियाकी क्रमशः गोल्फ और टेनिस में दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी रह चुके हैं। हाल ही में दोनों के बीच संबंध टूटने की खबरों ने खूब चर्चा बटोरी।
पहले मीडिया में ऐसी खबरें आई थी कि गोल्फ के दो बड़े खिताब जीतने वाले गोल्फर रोरी मैक्लराय ने टेनिस की पूर्व नंबर वन कैरोलीन वोज्नियाकी के साथ अपने दो साल पुराने संबंध खत्म कर लिए हैं।
साथ ही उन्होंने डबलिन (आयरलैंड) की एक अदालत में प्रबंधन कंपनी पर मुकदमा कर भी दिया है। दोनों के बीच अलगाव के क्या कारण रहे इसका खुलासा नहीं किया गया था।
हालांकि कैरोलीन वोज्नियाकी ने ऐसी खबरों का जोरदार अंदाज में खंडन किया है जबकि रोरी मैक्लराय ने इस पर चुप्पी साधे रखी।
23 साल की डेनमार्क की इस टेनिस सुंदरी ने इन खबरों का खंडन किया है। उन्होंने कहा, "मैं ऐसी अटकलों से काफी निराश हूं। मैं और रोरी मैक्लराय एक साथ हों या न हों। यह मेरी निजी जिंदगी है और मैं इसे निजी ही रखना चाहती हूं।"
उन्होंने यहां तक कहा, "सब कुछ ठीक है। और मेरे पास संबंधों को लेकर अभी कहने को भी कुछ नहीं है।"
दूसरी ओर, विश्व के पूर्व नंबर एक गोल्फर रोरी मैक्लराय ने इस सत्र में अपने निराशाजनक प्रदर्शन के लिए मानसिक तनाव को जिम्मेदार ठहराया लेकिन अपनी विख्यात गर्लफ्रेंड कैरोलीन वोज्नियाकी के साथ संबंधों के भविष्य के बारे में कुछ नहीं कहा।
सियोल में इस हफ्ते खेले जाने वाले कोरियाई ओपन से पहले एक संवाददाता सम्मेलन में मैक्लराय ने डेनमार्क की वोज्नियाकी के साथ अपने ब्रेकअप को लेकर किसी सवाल का जवाब नहीं दिया।
24 साल के उत्तरी आयरलैंड के इस दिग्गज गोल्फर ने कहा, "मेरी निजी जिंदगी निजी है। मैं इसे अपने तक ही रखना चाहता हूं।"
मैक्लराय 2011 में यूएस ओपन और 2012 में यूएस पीजीए चैंपियन रह चुके हैं।