भारत के युगल विशेषज्ञ टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना अपने कॅरियर के सर्वश्रेष्ठ मुकाम पर पहुंच गए हैं। शीर्ष 10 की सूची में तीन भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं।
बोपन्ना सोमवार को जारी नई युगल रैंकिंग में दो पायदान और चढ़ते हुए तीसरे स्थान पर आ गए। उनकी रैंकिंग में दो स्थान का फायदा तब हुआ जब वह पिछले हफ्ते कोर्ट पर ही नहीं उतरे।
बोपन्ना इस रैंकिंग में अब ब्रॉयन बंधुओं से ही पीछे हैं। ब्रॉयन बंधुओं में बॉब पहले स्थान पर हैं जबकि माइक दूसरे पायदान पर बने हुए हैं।
भारत के एक अन्य युगल विशेषज्ञ महेश भूपति सातवें पायदान पर बने हुए हैं। शीर्ष 10 भारतीय खिलाड़ियों की सूची में लिएंडर पेस भी शामिल हैं। उनकी रैंकिंग नौंवीं है।
इन दिग्गजों के अलावा रविवार को बोगोटा में अपना पहला एटीपी टूर जीतने वाली भारतीय जोड़ी दीविज शरण और पूरव राजा को भी युगल रैंकिंग में भी फायदा हुआ है।
राजा 29 पायदान चढ़ते हुए 86वें नंबर पर आ गए हैं, जबकि उनके जोड़ीदार शरण 18 स्थान ऊपर आते हुए 66वें पायदान पर काबिज हो गए हैं।