भारत के दिग्गज डबल्स खिलाड़ी महेश भूपति और रोहन बोपन्ना अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ दुबई चैंपियनशिप टेनिस टूर्नामेंट में क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। बोपन्ना और अमेरिका के राजीव राम ने प्री-क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान के एहसाम उल हक कुरैशी और हालैंड के जीन जूलियन रोजर को 6-4, 6-4 से चौंकाया।
भूपति ने फ्रांस के माइकल लोड्रा के साथ मिलकर यांको टिप्सारेविच और विक्टर त्रोइकी को लगातार सेटों में 6-3, 6-3 से मात दी। इससे पहले सिंगल्स में सोमदेव देववर्मन ने पूर्व यूएस ओपन चैंपियन अर्जेंटीना के जुआन मार्टिन डेल पोत्रो के हाथों 4-6, 4-6 से हार गए।
जोकोविच, फेडरर आगे बढ़े
दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच और स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर सहित शीर्ष चार वरीय खिलाड़ियों ने दुबई चैंपियनशिप टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। शीर्ष वरीय जोकोविच ने बुधवार को दूसरे दौर में स्पेन के राबर्टो बतिस्ता अगट को 6-1, 7-6 से शिकस्त दी जबकि 17 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन फेडरर स्पेन के मार्सेल ग्रेनोलर्स पर 6-3, 6-4 से जीत दर्ज की। जोकोविच की यह लगातार 15वीं जीत है। वह गत अक्तूबर से अब तक अपराजेय चल रहे हैं।