महिला वर्ग में चेक गणराज्य की 27वीं वरीय पेत्रा क्वितोवा ने क्वॉर्टर फाइनल में जगह बनाई, लेकिन युवा सनसनी कोको गॉफ का सफर चौथे दौर में ही थम गया। क्वितोवा ने यूनान की 22वीं वरीय मारिया सक्कारी को तीन सेट तक चले मैच में 6-7, (4/7), 6-3, 6-2 से हराया। अमेरिका की पंद्रह वर्षीय गॉफ ने भी पहला सेट अपने नाम किया था, लेकिन आखिर में उन्हें हमवतन सोफिया केनिन से 6-7 (5/7), 6-3, 6-0 से हार का सामना करना पड़ा।
इस बीच ट्यूनीशिया की ओनस जेबुर भी क्वॉर्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रही। उन्होंने चीन की 27वीं वरीय वांग कियोंग को 7-6 (7/4), 6-1 से उलटफेर का शिकार बनाया। जेबुर किसी ग्रैंडस्लैम के क्वॉर्टर फाइनल में पहुंचने वाली अरब देशों की पहली महिला खिलाड़ी है। वांग ने तीसरे दौर में सेरेना विलियम्स को हराया था।
भारत के अनुभवी टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने ऑस्ट्रेलिया ओपन में विजयी शुरुआत करते हुए येलेना ओस्टापेंको के साथ मिलकर मिश्रित युगल के दूसरे दौर में प्रवेश किया जबकि रोहन बोपन्ना क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। पेस और ओस्टापेंको की जोड़ी ने पहला सेट गंवाने के बाद जोरदार वापसी करते हुए एक घंटे और 27 मिनट में स्टोर्म सेंडर्स और मार्क पोलमैंस की स्थानीय वाइल्ड कार्डधारक जोड़ी को 6-7(4) 6-3 10-6 से हराया।