जर्मनी की एंजेलिक कर्बर ने शनिवार को महिला सिंगल्स के फाइनल में अमेरिका की सेरेना विलियम्स को मात देकर पहली बार विंबलडन का खिताब जीता। कर्बर ने 'सुपर मॉम' सेरेना विलियम्स को सीधे सेटों में 6-3, 6-3 से मात दी।
कर्बर ने जहां पहली बार विंबलडन खिताब जीता तो वहीं सेरेना विलियम्स इस हार से काफी निराश हुईं क्योंकि वह मार्गरेट कोर्ट के सर्वकालिक 24 स्लैम खिताब की बराबरी नहीं कर सकी। कर्बर विंबलडन फाइनल में सेरेना विलियम्स को मात देने वाली तीसरी टेनिस प्लेयर बन गई हैं। उनसे पहले सिर्फ मारिया शारापोवा और वीनस विलियम्स ही यह कमाल कर सकी हैं।
जर्मनी की एंजेलिक कर्बर ने सेरेना विलियम्स के आठवें विंबलडन के खिताब को भी तोड़ दिया। कर्बर का यह तीसरा मेजर खिताब है। इससे पहले वह 2016 में यूएस ओपन और ऑस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब अपने नाम कर चुकी हैं।
कर्बर ने एक और उपलब्धि अपने साथ जोड़ ली है। वह स्टेफी ग्राफ के बाद विंबलडन का खिताब जीतने वाली जर्मनी की पहली महिला खिलाड़ी हैं। बता दें कि ग्राफ ने 1996 में विंबलडन का खिताब जीता था।
36 वर्षीया सेरेना विलियम्स बेटी को जन्म देने के बाद पहली बार ग्रैंडस्लैम जीतने के करीब थी। बहरहाल, दोनों ही खिलाड़ी प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान अपने आंसुओं को काबू में नहीं कर सकीं। अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने कहा, 'यहां जितनी भी मां आई हुई हैं, उन्हें बता दूं कि मैंने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया, लेकिन एंजेलिक ने बहुत ही अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। एंजेलिक के लिए काफी खुश हूं। मेरा ध्यान आगे के टूर्नामेंट्स पर लगा है।'
उन्होंने आगे कहा, 'यह मेरे लिए बहुत ही अच्छा टूर्नामेंट रहा। खिताब के करीब पहुंचकर बहुत खुश हूं। हारने पर निराश जरूर हूं, लेकिन आगे बहुत कुछ करना है। मैं निराश नहीं हो सकती हूं क्योंकि मैंने अभी शुरुआत की है।'
वहीं खिताब जीतने वाली कर्बर ने कहा, 'यह सपना सच होने वाला पल है। सेरेना आप हम सभी की प्रेरणा हैं। आप जल्द ही अपना अगला स्लैम जीतेंगी। मुझे पता था कि सेरेना जैसी चैंपियन के सामने अपने बेस्ट खेलना होगा। स्टेफी ग्राफ के बाद विंबलडन जीतने वाली पहली जर्मन बनने पर बहुत खुश हूं।'