डालिम्स रोहनिया में बीसीसीएल में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
Sports News Today: बनारस क्रियेटर्स क्रिकेट लीग (बीसीसीएल) में छठवें दिन शुक्रवार को काशी नाइट्स और भोजूबीर ब्लास्टर के बीच रोहनिया के डालिम्स सनबीम स्कूल के मैदान पर टी-10 कैनवास क्रिकेट खेला गया। भोजूबीर ब्लास्टर्स के बल्लेबाज आशी के 29 रन की बदौलत काशी नाइट्स को 24 रन से हार का सामना करना पड़ा। भोजूबीर ब्लास्टर्स की टीम ने कमाल का क्षेत्ररक्षण किया। काशी नाइट्स के तीन बल्लेबाज तीन रन बनाने में रनआउट हो गए।
पहले बल्लेबाजी कर भोजूबीर ब्लास्टर्स ने 10 ओवर में 6 विकेट खोकर 82 रन बनाए। आशीष प्रताप ने 14 गेंदों में 29 रन बनाकर टीम को मजबूती दिलाई। जवाब में काशी नाइट्स की शुरुआत खराब रही। शुभम ने पहले ओवर की दूसरी गेंद पर अमन को आउट कर दिया।
दूसरे ओवर सुधीर ने आकाश को क्लीन बोल्ड कर दिया। भोजूबीर ब्लास्टर्स की गेंदबाजी के आगे काशी नाइट्स के बल्लेबाज ज्यादा देर तक नहीं टिक सके। विकेटों के बीच समन्वय की कमी के चलते आदित्य शून्य, रवि दो रन और शुभम एक रन बनाकर रन आउट हो गए।
पूरी टीम 9.2 ओवर में 58 रन पर ऑलआउट हो गई। भोजूबीर के आशीष प्रताप को मैन ऑफ द मैच चुना गया। आकाश चौधरी बनारसी भौकाल और अमन बनारसी नाम से सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ आयोजन सचिव माहिर मधोक ने किया। संचालन डालिम्स सनबीम के सौरभ यादव ने किया।
रन लेते खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
लीग में खेल रहे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
बनारस क्रिएटर्स क्रिकेट लीग में बनारस के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर खेल रहे हैं। यह लीग कैनवास बॉल से 10-10 ओवर की खेली जा रही है। प्रतियोगिता में छह टीमों के 120 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। समापन 5 जून को होगा।
ट्रायल में हिस्सा लेते मुक्केबाज।
- फोटो : अमर उजाला
जनपदीय जूनियर बालिका बॉक्सिंग टीम घोषित
प्रादेशिक मुक्केबाजी के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल शुक्रवार को सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोटर्स कॉप्लेक्स में लिया गया। चयनित खिलाड़ी रविवार को मंडलीय टीम के लिए सिगरा स्टेडियम में ट्रायल देंगे। मुक्केबाजी संघ ने ट्रायल के बाद जिले की टीम घोषित कर दी है।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि प्रदेशस्तरीय समन्वय अंडर-17 जूनियर बालक-बालिका मुक्केबाजी झांसी स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जाएगी। चयन ट्रायल में 60 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 13 का चयन मंडलीय के लिए हुआ। कोच दीपिका तिवारी ने बताया कि मंडलीय टीम का चयन 31 मई को सुबह नौ बजे से सिगरा स्टेडियम में होगा। अंतिम रूप से चयनित टीम झांसी में प्रादेशिक जूनियर मुक्केबाजी प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।
बीएचयू के इंडोर हाॅल में बैडमिंटन का अभ्यास करते खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
बैडमिंटन के खिलाड़ियों को फुटवर्क के बारे में बताया
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद बीएचयू की ओर से आयोजित मासिक शिविर में शुक्रवार को बैडमिंटन में खिलाड़ियों को फुटवर्क और शाॅर्ट का प्रशिक्षण दिया गया। सहायक निदेशक प्रो. राजीव सिंह ने बताया कि डॉ. विभुति नारायण सिंह इंडोर हॉल में 30 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर में अलग-अलग कोच 9 खेलों की बारीकियां सिखा रहे हैं। महासचिव प्रो. बीसी कापरी ने बताया कि शिविर 15 मई से 15 जून तक लगेगा।
ओलंपियन विवेक सिंह हॉकी में खेलेंगी 20 टीमें
17वीं ओलंपियन विवेक सिंह प्राइजमनी हाॅकी शिवपुर मिनी स्टेडियम में खेली जाएगी। अखिल भारतीय सेवन-ए साइड सांध्यकालीन हॉकी 2 से 7 जून तक है। ओलंपियन राहुल सिंह ने बताया कि 20 टीमों के खिलाड़ी खेलेंगे। टीमों को शिवपुर स्टेडियम के आसपास के होटलों में ठहराया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। यह प्रतियोगिता नॉकआउट के आधार पर खेली जाएगी। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि एडीजी जोन पीयूष मोडिया करेंगे।
40 तैराकों को फ्लोटिंग और लेग आर्म के बारे में बताया
एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से परमानंदपुर के तालाब में शुक्रवार शाम खिलाड़ियों को तैराकी का प्रशिक्षण दिया गया। पहले दिन वरिष्ठ एनआईएस कोच चंद्रशेखर तुलस्यान ने 40 खिलाड़ियों को फ्लोटिंग और लेग आर्म की जानकारी दी। शिविर का आगाज कर एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि गांव के तालाब से भी तैराकी के लिए बच्चे निकल सकते हैं।
आने वाले दिनों में यहां से खिलाड़ी देश का नाम रोशन करेंगे। तैराकों को फ्री स्टाइल और बैक स्ट्रोक की जानकारी देने के साथ अभ्यास कराया गया। वहीं, वाराणसी में तीन स्वीमिंग पूल हैं, लेकिन एक भी ऑल वेदर पूल नहीं है। इस वजह से काशी के तैराक सिर्फ अप्रैल से सितंबर तक ही अभ्यास कर पाते हैं। काशी में सबसे बड़ा ओपन पूल काशी हिंदू विश्वविद्यालय जबकि सिगरा में ओलंपिक साइज का पूल और बरेका में स्वीमिंग पूल है।
मंडलीय तैराकी टीम लखनऊ हुई रवाना
प्रादेशिक तैराकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए सीनियर वर्ग की तैराकी टीम शुक्रवार शाम लखनऊ रवाना हो गई। आरएसओ विमला सिंह ने बताया कि प्रादेशिक तैराकी प्रतियोगिता लखनऊ में 31 मई से 1 जून तक होगी। इसमें वाराणसी की 16 सदस्यीय टीम प्रतिभाग करेगी। पुरुष वर्ग में 11 और महिला वर्ग में 5 खिलाड़ी शामिल हैं।
क्रिकेट : छावनी, महामना मंडल में होगा फाइनल
स्व. हरिश्चंद्र श्रीवास्तव हरीशजी स्मारक क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल 31 मई को छावनी और महामना मंडल के बीच होगा। प्रतियोगिता भाजपा की कैंट विधानसभा की ओर से डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी। मुख्य अतिथि यूपी सरकार के वित्त और संसदीय कार्य मंत्री, वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे।
शिविर में किया योगाभ्यास
बच्छाव के महामना मालवीय इंटर कॉलेज में शुक्रवार को स्कूली बच्चों ने योगाभ्यास किया। शारीरिक शिक्षक डॉ जितेंद्र पटेल ने छात्र-छत्राओं को योग-प्राणायाम और व्यायाम कराया। कला शिक्षक सुरेंद्र बहादुर सिंह और विजय कुमार पटेल ने चित्रकला की बारीकियां बताईं। इस मौके पर प्रधानाचार्य डॉ. चंद्रमणि सिंह, आजाद पटेल, सूरज कुमार, सुरेंद्र प्रसाद सिंह मौजूद रहे।
योगासन के बारे में बताया
बेसिक शिक्षा विभाग के कंपोजिट विद्यालय आशापुर चिरईगांव में आयोजित समर कैंप में योगासन के चक्रों के बारे में जाना। ध्यान के माध्यम से शरीर को स्वस्थ रखने की जानकारी ली। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर बच्चों ने समाचार पत्रों का अवलोकन कर मुख्य समाचारों पर विचार-विमर्श किया।
अक्षर मेरे शब्द तुम्हारे नामक खेल गतिविधि में दो टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा हुई। भारत विकास परिषद की नीलकंठ शाखा के पदाधिकारियों ने बच्चों को ट्रॉफी दी और वंदेमातरम का अभ्यास कराया। महारानी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के उपलक्ष्य पर बच्चों ने रंगोली बनाई। उधर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय हरहुआ में जिला स्काउट मास्टर अनिल कुमार तिवारी और ब्लॉक स्काउट मास्टर राजेश ने बच्चों को स्काउट संबंधी जानकारियां दीं।
एकेडमी में ताइक्वांडो सीखते बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
20 खिलाड़ियों ने दी कलर बेल्ट की परीक्षा
चेतगंज के डुओ स्पोटर्स अकादमी में शुक्रवार शाम ताइक्वांडो की कलर बेल्ट परीक्षा हुई। वाराणसी ताइक्वांडो की ओर से परीक्षा में 20 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कोच अमन वर्मा ने बताया कि परीक्षक अरशद रजा और सहयोगी इशिका गुप्ता ने परीक्षा ली। सभी ने अच्छा प्रदर्शन किया। इस मौके पर टेक्निकल डायरेक्टर उमेश केशरी, शशांक श्रीवास्तव, सौरभ जयसवाल, सुल्तान खान, अंकित जेटली मौजूद रहे।
परमानंदपुर में फुटबाॅल खेलतीं खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
आंचल के निर्णायक गोल ने 2-1 से दिलाई जीत
ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में शुक्रवार सुबह परमानंदपुर के विकास इंटर कॉलेज में अंतर हाउस फुटबॉल मैच खेला गया। इसमें चार हाउस की चार टीमों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रानी लक्ष्मीबाई हाउस ने लता मंगेशकर को 2-1 से पराजित कर खिताब जीत लिया।
मैच शुरू होते ही दोनों टीमों ने तेज खेल का प्रदर्शन किया। 15वें मिनट में लता मंगेशकर हाउस की अनुप्रिया पटेल ने गोल करने का मौका खो दिया। हाफ टाइम से एक मिनट पहले रानी लक्ष्मीबाई हाउस की पायल राजभर ने ज्योति मौर्या के सटीक पास पर गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे हाफ के सातवें मिनट में लता मंगेशकर हाउस की श्वेता चौहान ने एकल प्रयास से गोल कर स्कोर 1-1 कर टीम को बराबरी पर ला दिया। स्कोर बराबर होने के बाद दोनों टीमों में बढ़त लेने के लिए होड़ मच गई। मैच समाप्त होने से चार मिनट पहले आंचल के पास पर पायल राजभर ने गोल कर रानी लक्ष्मीबाई हाउस को 2-1 से आगे कर दिया। मैच समाप्त होने तक यही स्कोर कायम रहा। रोशनी, शिवानी प्रजापति, आकांक्षा सोनकर, अंशिका यादव और अंशु पटेल का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
रैपिड शतरंज प्रतियोगिता में खेलेंगे 160 खिलाड़ी
द्वितिय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता केराकतपुर के वाराणसी पब्लिक स्कूल में खेली जाएगी। 160 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। वाराणसी जिला शतरंज एसोसिएशन के मानद सचिव विजय कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता 31 मई सुबह 9 बजे से खेली जाएगी। ओपन केटेगरी, महिला वर्ग, अंडर-11, 13 और अंडर 17 (बालक-बालिका) आयुवर्ग की प्रतियोगिता होगी।
ओपन वर्ग के प्रथम 10 खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार और मेडल दिया जाएगा। अन्य आयु वर्ग में प्रथम तीन स्थान वालों को नकद पुरस्कार व ट्रॉफी और शेष 10 स्थान तक वालों को मेडल दिया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी जिला शतरंज एसोसिएशन के सचिव विजय कुमार से संपर्क कर सकते हैं।