ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और शीर्ष वरीयता प्राप्त भारत की साइना नेहवाल ने जापान की नोजोमी ओकुहारा के क्वार्टरफाइनल में तीसरे गेम में मैच छोड़ देने से मलेशियन ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही साइना जापानी खिलाड़ी के मैच छोड़ने के समय 21-11, 14-21, 2-0 से आगे थीं। उस समय तक मैच 43 मिनट का हो चुका था। साइना का नए साल का यह पहला सेमीफाइनल है। वह इससे पहले कोरियन ओपन के क्वार्टरफाइनल तक पहुंची थी।
टूर्नामेंट के एकल मुकाबलों में एकमात्र भारतीय उम्मीद बची साइना ने मैच में शानदार शुरुआत करते हुए पहला गेम आसानी से जीत लिया लेकिन दूसरे गेम नोजोमी ने जोरदार वापसी करते हुए बराबरी हासिल कर ली। निर्णायक गेम में जब साइना 2-0 से आगे थीं तब जापानी खिलाड़ी ने चोट के कारण मैच छोड़ने का फैसला किया।