भारत की शीर्ष खिलाड़ी और सातवीं सीड साइना नेहवाल ने ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप के प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
हालांकि वर्ल्ड चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता पीवी सिंधू को पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा।
बर्मिंघम में खेले जा रहे टूर्नामेंट में साइना ने स्कॉटलैंड की कर्स्टी गिलमुर को 32 मिनट में 21-15, 21-06 से हराकर अंतिम 16 में जगह बना ली। साइना का मुकाबला अब अमेरिका की बेईवेन झांग से होगा।
साइना का विश्व की 41वें नंबर की खिलाड़ी झांग के साथ इससे पहले कभी मुकाबला नहीं हुआ है।
दूसरी ओर सिंधु को चीन की सुन यू ने 47 मिनट में 21-16, 21-15 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। चीनी खिलाड़ी ने दोनों गेमों में सिंधू को निर्णायक मौकों पर गलतियां करने के लिए मजबूर किया। टूर्नामेंट में अब साइना ही एकमात्र भारतीय चुनौती बची हैं। अन्य सभी भारतीय खिलाड़ी हारकर बाहर हो चुके हैं।
पुरुष एकल में पी कश्यप और के श्रीकांत को भी पहले दौर में ही हार का सामना करना पड़ा।