भले ही साइना नेहवाल ने अपने कैरियर में कई सुपर सीरीज खिताब जीते हैं लेकिन सिरी फोर्ट स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में रविवार का दिन उनके लिए कुछ खास ही था। आखिरकार कई विफल प्रयासों के बाद साइना नेहवाल ने योनेक्स सनराइज इंडियन ओपन सुपर सीरीज का खिताब अपने नाम कर लिया।
उन्होंने एक बार फिर पूर्व वर्ल्ड चैंपियन और गत विजेता थाईलैंड की रत्चानोक इंतानोन को सीधे गेम में 21-16, 21-14 से हराकर यह खिताब जीता। वहीं, पुरुषों में यह खिताब भारतीय शटलर किदांबी श्रीकांत ने जीता।
वर्ल्ड नंबर चार श्रीकांत ने फाइनल में डेनमार्क के विक्टर एलेक्सन को 18-21, 21-13, 21-12 से हराया। फाइनल में एलेक्सन पर श्रीकांत की यह दूसरी जीत है। इससे पहले वह स्विस ओपन के फाइनल में एलेक्स को हरा चुके हैं। तीसरे गेम में श्रीकांत ने लगातार ग्यारह प्वाइंट लिए।