महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने अपने 200वें और अंतिम टेस्ट में जो जर्सी पहनी थी वह जोधपुर के उमेद भवन पैलेस में हुई भव्य नीलामी में छह लाख रुपए में बिकी।
जोधपुर के पूर्व शासक गज सिंह द्वितीय के बेटे शिव राज सिंह ने शनिवार रात इस जर्सी के लिए बोली लगाई। तेंदुलकर ने नवंबर 2013 में मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना 200वां टेस्ट खेलने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।
नीलामी में तेंदुलकर की जर्सी के अलावा परेश मैटी की पेंटिंग साढ़े 7 लाख रुपए में बिकी। इस दौरान कई अन्य कीमती चीजों की भी नीलामी हुई। नीलामी से लगभग 80 लाख रुपए जुटाए गए।
इस नीलामी से होने वाली कमाई इंडियन हेड इंजरी फाउंडेशन को दी जाएगी जो सिर और दिमाग की चोट से पीड़ित लोगों के प्रति जागरूकता फैलाने के अलावा उनके लिए संसाधन जुटाने का भी काम करती है।