क्रिकेट के भगवान सचिन कहीं भी जाएं उनके चाहने वाले उनको अनोखे तोहफे देकर सरप्राइज करते ही रहते हैं। इस बार यह वाकया हुआ कोलकाता के राजहरट में।
दरअसल, गुरुवार देर शाम सचिन यहां एक स्वीमिंग पूल के उद्घाटन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। यहां उनका 34 हजार गुलाब के फूलों के साथ स्वागत किया गया।
स्वीमिंग पूल का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने कहा कि चाहे क्रिकेट हो, बैडमिंटन हो या मुक्केबाजी विभिन्न खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है। खेलों मे भारत का काफी विकास हुआ है।
उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि भारत देश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। यदि उन्हें पर्याप्त सुविधा मुहैया कराई जाए तो वे खेल के जरिए देश का नाम और आगे करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।