भारतीय कुश्ती महासंघ के महासचिव राज सिंह ने आईओसी के कार्यकारी बोर्ड के कुश्ती को वर्ष 2020 के ओलंपिक से हटाने की सिफारिश करने के फैसले को बेहद चौंकाने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि इससे भारत को कड़ा झटका लगा है। लेकिन अमेरिका और रूस जैसे कुश्ती के सुपरपावर देश इस खेल को ओलंपिक से हटने नहीं देंगे।
बकौल राज सिंह, ‘यह फैसला निश्चित ही हमारे लिए एक बड़ा झटका है। लेकिन हम अंतरराष्ट्रीय कुश्ती महासंघ को इस मामले में पत्र लिखेंगे। वह इस खेल को बचाने के लिए तत्काल कदम उठाए। हम भारतीय ओलंपिक संघ को भी कहेंगे कि वह इस खेल में भारत का पक्ष रखे।
कुश्ती केवल भारत में ही नहीं बल्कि अमेरिका और रूस जैसे दिग्गज देशों में भी लोकप्रिय है। ये देश कभी भी कुश्ती को ओलंपिक से बाहर होने नहीं देंगे। अभी तो यह मामला आईओसी की आम सभा बैठक में भी जाना है, जहां इस फैसले का पूरा विरोध किया जाएगा।’