अरबपति मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने भारतीय एथलीटों का समर्थन करने के उद्देश्य से एक बड़ा एलान किया है। उसने बुधवार (27 जुलाई) को भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के साथ दीर्घकालिक साझेदारी की घोषणा की। रिलायंस ने राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों और ओलंपिक सहित प्रमुख बहु-खेल आयोजनों में भारतीय खिलाड़ियों का समर्थन करने के लिए ऐसा किया है।
आरआईएल ने एक बयान में कहा कि इस साझेदारी के तहत, आरआईएल और आईओए पेरिस ओलंपिक 2024 में पहली बार इंडिया हाउस भी स्थापित करेंगे। यह ओलंपिक आयोजन के लिए कंपनी की एक और प्रतिबद्धता को दिखाता है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की निदेशक और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की सदस्य नीता अंबानी ने कहा, "भारत को वैश्विक खेल क्षेत्र में उच्च स्तर पर देखना हमारा सपना है। आईओए के साथ हमारी साझेदारी विश्व स्तर के बुनियादी ढांचे और अवसरों के साथ देश भर में युवा एथलीटों को समर्थन और सशक्त बनाने के लिए रिलायंस फाउंडेशन की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है।"
भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने कहा, “मैं रिलायंस इंडस्ट्रीज और नीता अंबानी को भारतीय ओलंपिक संघ के साथ इस साझेदारी के लिए और भारतीय खेलों का समर्थन करने और अगली पीढ़ी के बच्चों को ओलंपिक में शामिल होने के लिए प्रेरित करने के लिए धन्यवाद देता हूं। पेरिस 2024 में इंडिया हाउस होना एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। यह ओलंपिक के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए एक बड़ा कदम है।"
पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए भारत जून 2023 में मुंबई में नव-विकसित बहुस्तरीय केंद्र जियो वर्ल्ड सेंटर में 140वें अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति सत्र की मेजबानी भी करेगा।
ओलंपिक हॉस्पिटैलिटी हाउस क्या है?
आधिकारिक ओलंपिक हॉस्पिटैलिटी हाउस के साथ दुनिया भर के राष्ट्र ओलंपिक खेलों के दौरान अपने ओलंपिक आंदोलन की भागीदारी को मजबूत करते हैं। यह उस देश की एक दृष्टि और समझ प्रदान करता है। यह अधिकारियों, खिलाड़ियों, उनके परिवारों और आमजनों को शामिल करने के लिए एक अवसर के रूप में भी कार्य करता है। 2024 के पेरिस ओलंपिक में भारत का पहला घर होगा। 2016 के रियो ओलंपिक में 50 से अधिक देशों ने हॉस्पिटैलिटी हाउस की स्थापना की थी।