दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए हाइलो ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के महिला एकल फाइनल में जगह बना ली है। शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में सिंधू ने अपनी हमवतन अनमोल खरब को सीधे गेमों में 21-13, 21-16 से हराया। इसके साथ ही वह लगातार दूसरे सप्ताह फाइनल में पहुंच गई हैं। पिछले सप्ताह फ्रेंच ओपन में भी सिंधू ने फाइनल तक का सफर तय किया था, जहां उन्हें उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा था।
32 मिनट में खत्म हुआ मैच
विश्व रैंकिंग में 53वें स्थान पर काबिज अनमोल के खिलाफ सिंधू ने 32 मिनट में जीत दर्ज की। 19 वर्षीय अनमोल अपने करियर में दूसरी बार किसी सुपर 500 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची थीं। इससे पहले उन्होंने पिछले साल आर्कटिक ओपन के अंतिम चार में जगह बनाई थी। दोनों भारतीय खिलाड़ियों के बीच यह दूसरी भिड़ंत थी। इससे पहले 2024 में सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल टूर्नामेंट में सिंधू ने अनमोल को सीधे गेमों में हराया था। शनिवार को भी अनुभवी सिंधू का दबदबा देखने को मिला।
पहले गेम में सिंधू ने बनाई बढ़त
मुकाबले के शुरुआती दौर में सिंधू को अनमोल के लंबे शॉट्स को समझने में थोड़ी परेशानी हुई। इसका फायदा उठाते हुए अनमोल ने 4-2 की बढ़त बना ली। हालांकि, सिंधू ने जल्द ही अपने आक्रामक खेल और सटीक नेट प्ले के दम पर वापसी की। सिंधू ने स्कोर 10-7 तक पहुंचाया। इसके बाद ब्रेक के समय वह 11-9 से आगे थीं। ब्रेक के बाद उन्होंने तेजी से अपनी बढ़त 15-10 कर ली। अनमोल की एक रिटर्न शॉट लंबी जाने के बाद सिंधू ने पहला गेम 21-13 से अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में भी अनमोल को नहीं मिली सफलता
- दूसरे गेम में अनमोल ने एक बार फिर अच्छी शुरुआत करते हुए 4-2 की बढ़त बनाई। हालांकि, सिंधू ने लगातार अच्छे शॉट लगाकर मुकाबले में वापसी की। अनमोल ने भी नेट पर शानदार खेल दिखाते हुए स्कोर 8-8 किया और फिर 9-8 की बढ़त हासिल कर ली।
- ब्रेक तक सिंधू ने एक अंक की बढ़त बना ली थी। इसके बाद अनमोल ने लगातार दो सटीक स्मैश लगाकर 15-13 की बढ़त हासिल की, लेकिन वह इसे बरकरार नहीं रख सकीं। सिंधू ने अनमोल की गलतियों का फायदा उठाते हुए स्कोर 15-15 से बराबर कर दिया।
- इसके बाद सिंधू ने शानदार ड्रॉप शॉट के जरिए 17-15 की बढ़त बनाई। अनमोल की लगातार गलतियों ने सिंधू को चार मैच प्वाइंट दिलाए। उन्होंने सटीक रिटर्न लगाकर पहला ही मैच प्वाइंट भुनाया और 21-16 से दूसरा गेम जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।