पैर की चोट से उबरकर सफल वापसी करने वाली भारतीय महिला शटलर पीवी सिंधू मकाऊ ओपन खिताब तीसरी बार जीतकर बहुत खुश हैं। वर्ल्ड चैंपियनशिप में दो बार कांस्य पदक जीत चुकीं सिंधू डेनमार्क ओपन में उप विजेता रही थीं जो उनका पहला सुपर सीरीज फाइनल था।
मकाऊ में खिताबी जीत की हैट्रिक लगाने वाली सिंधू के लिए यह जीत इस मायने में बेहद खास है क्योंकि मौजूदा सत्र में मकाऊ ओपन के रूप में उनका यह अपना पहला खिताब है।
20 वर्षीया और भारत की दूसरे नंबर की बैडमिंटन खिलाड़ी सिंधू की नजरें अब एक दिसंबर से शुरू होने वाले इंडोनेशिया मास्टर्स ग्रां प्री गोल्ड टूर्नामेंट पर लगी हुई हैं। बकौल सिंधू, "यह बेहतरीन जीत थी। इससे मैं बहुत खुश हूं। अब मेरा अगला लक्ष्य इंडोनेशिया है।" उनका कहना है कि इसके बाद वह जनवरी में वह इंडियन बैडमिंटन लीग (आईबीएल) में हिस्सा लेंगी।
बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अखिलेश दास गुप्ता ने सिंधू की इस खिताबी सफलता से उत्साहित होकर 10 लाख रुपए नकद इनाम के तौर पर देने की घोषणा की।
पीवी सिंधू ने पहली बार 2013 में इस खिताब पर कब्जा किया था। उन्होंने फाइनल में कनाडा की मिचेल ली को हराया था। वर्ष 2014 में सिंधू ने खिताबी भिड़ंत में कनाडा की किम ह्यो मिन शिकस्त देकर दूसरी बार इस खिताब को अपने नाम किया था। वर्ष 2015 में रविवार को उन्होंने फाइनल में जापान की मिनात्सु मितानी को पराजित खिताबी हैट्रिक पूरी की।