हाल ही में संपन्न हुए पेरिस खेलों में भारत ने एक रजत और पांच कांस्य सहित कुल छह पदक जीते थे। खिलाड़ियों ने स्वतंत्रता दिवस के दिन प्रधानमंत्री से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल से मुलाकात की। हाल ही में संपन्न हुए पेरिस खेलों में भारत ने एक रजत और पांच कांस्य सहित कुल छह पदक जीते थे। खिलाड़ियों ने स्वतंत्रता दिवस के दिन प्रधानमंत्री से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की जिसकी तस्वीरें सामने आई हैं।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री के साथ पुरुष हॉकी टीम के सदस्य
- फोटो : Narendra Modi X
खिलाड़ियों के साथ प्रधानमंत्री ने की बातचीत
प्रधानमंत्री से मुलाकात करने पहुंचे खिलाड़ियों ने उन्हें उपहार भी दिए। दो कांस्य पदक जीतने वाली निशानेबाज मनु भाकर ने पीएम मोदी को पिस्टल दी, जबकि पहलवान और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने अपनी जर्सी दी। कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने टीम की ओर से पीएम मोदी को हॉकी स्टिक भेंट की जिस पर सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर थे।। पीएम ने इस दौरान खिलाड़ियों को संबोधित भी किया। मनु के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल की मिश्रित स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले सरबजोत सिंह और 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में कांस्य पदक हासिल करने वाले स्वप्निल कुसाले ने भी प्रधानमंत्री के साथ बातचीत की। मनु को प्रधानमंत्री को उस पिस्टल के बारे में बताते हुए देखा गया जिससे उन्होंने पेरिस में 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में दो कांस्य पदक जीते थे।
प्रधानमंत्री मोदी के साथ मनु भाकर और सरबजोत सिंह
- फोटो : Narendra Modi X
मनु ने खोला था पदक का खाता
पेरिस ओलंपिक में निशानेबाज मनु भाकर ने इतिहास रचा था और वह एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली आजाद भारत की पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थीं। मनु ने महिला 10 मीटर एयर पिस्टल और सरबजोत सिंह के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। मनु ने पेरिस ओलंपिक में भारत का पदक का खाता खुलवाया था। वहीं, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने भी लगातार दूसरी बार कांस्य पदक अपने नाम किया था। निशानेबाजी में तीसरा पदक स्वप्निल कुसाले ने दिया था जो 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में तीसरे स्थान पर रहे थे। इसके अलावा पहलवान अमन सहरावत भी पुरुष 57 किग्रा फ्री स्टाइल वर्ग में कांसा लाने में सफल रहे थे।
नीरज ने लगातार दूसरे ओलंपिक में जीता था पदक
भारत के सबसे बड़े पदक दावेदार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा भले ही पेरिस में टोक्यो ओलंपिक में जीते अपने स्वर्ण पदक का बचाव नहीं कर सके, लेकिन वह रजत पदक अपने नाम करने में सफल रहे थे। नीरज ने इसके साथ ही लगातार दूसरे ओलंपिक में पदक जीता। वह ऐसा करने वाले आजाद भारत के पहले एथलीट हैं। हालांकि, नीरज चोपड़ा अभी स्वदेश नहीं लौटे हैं। वह कमर की अपनी चोट को लेकर चिकित्सकों से परामर्श करने के लिए जर्मनी चले गए थे।
टोक्यो ओलंपिक की पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (मुक्केबाजी) और मीराबाई चानू (भारोत्तोलन) भी उन खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात की। इस अवसर पर खेल मंत्री मनसुख मांडविया और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा भी उपस्थित थे। इससे पहले दिन में भारतीय ओलंपिक दल के सदस्य ऐतिहासिक लाल किले में मौजूद थे जहां मोदी ने 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र को संबोधित किया था।