प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पेरिस ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाद सरबजोत सिंह ने फोन पर बात की और कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। मनु भाकर और सरबजोत की भारतीय जोड़ी ने कोरिया के ली वोन्हो और ओ ये जिन को 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में 16-10 से हराकर देश को इस ओलंपिक में दूसरा पदक दिलाया था। सरबजोत का ओलंपिक खेलों में यह पहला पदक है। मोदी ने इस ऐतिहासिक जीत के बाद मनु और सरबजोत को बधाई दी थी।
'आपने और मनु ने अच्छा टीमवर्क दिखाया'
प्रधानमंत्री नरेंद्र ने सरबजोत के साथ फोन पर बात करते हुए कहा, सरबजोत बहुत-बहुत बधाई। आपने देश का नाम भी बड़ा किया है और मान भी बड़ा किया है। आपकी मेहनत रंग लाई है। मनु को भी मेरी तरफ से बहुत-बहुत बधाई। व्यक्तिगत वर्ग में आप थोड़े से अंतर से रह गए थे, लेकिन आपने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। आपकी और मनु की टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया और एक अच्छा टीमवर्क का नजारा पेश किया है।
प्रधानमंत्री ने सरबजोत से इस प्रदर्शन और टीमवर्क का कारण पूछा, जिस पर सरबजोत ने कहा, इसका कोई खास कारण नहीं है क्योंकि हम नेशनल्स में होते हैं तो भी काफी अच्छी टीम होती है। वहां हमने स्वर्ण पदक जीता था। विश्व कप में भी हमने बेहतर किया था। काफी अच्छा अनुभव था और उम्मीद करूंगा कि अगली बार इससे भी अच्छा प्रदर्शन करूं।
मोदी ने मनु को अगली स्पर्धा के लिए दी शुभकामनाएं
मोदी ने सरबजोत से कहा, 'मुझे पूरा भरोसा है कि आप आगे भी अच्छा प्रदर्शन करोगे क्योंकि आप मेहनत भी कर रहे हैं और काफी लगने से लगे हुए हैं।' मोदी ने मनु के बारे में पूछा जिस पर सरबजोत ने बताया कि उनका डोप टेस्ट चल रहा है। इस पर प्रधानमंत्री ने कहा, 'मनु को अभी 25 मीटर के लिए तैयारी करनी है और उनको मेरी तरफ से बहुत-बहुत शुभकामनाएं देना। एक बार फिर से आप दोनों को मेरी तरफ से बहुत-बहुत बधाई। वहां जो अन्य भारतीय खिलाड़ी हैं, उन्हें भी मेरी तरफ से शुभकामनाएं देना।'