स्टार पहलवान योगेश्वर दत्त शुक्रवार से कजाकस्तान के अस्ताना में होने वाली एशियन ओलंपिक क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट में भारत के 17 सदस्यीय दल की अगुआई करेंगे।
तीन दिवसीय टूर्नामेंट में भारतीय पहलवानों के पास रियो ओलंपिक का टिकट पाने का मौका होगा। हर भारवर्ग में शीर्ष दो स्थान पर रहने वाले पहलवान ओलंपिक टिकट हासिल करने में सफल रहेंगे।
ओलंपिक के लिए यह दूसरा क्वालीफाइंग टूर्नामेंट है। इससे पहले लास वेगास में हुई विश्व चैंपियनशिप के जरिए ओलंपिक कोटा हासिल करने का मौका था जहां 74 किग्रा भारवर्ग में नरसिंह यादव ने पदक जीतकर ओलंपिक कोटा दिलाया था।
इस भारवर्ग में भारत के अन्य पहलवान दो बार के ओलंपिक पदकधारी सुशील कुमार भी शामिल हैं। पिछले लंदन ओलंपिक में पदक जीतने वाले योगेश्वर दत्त चोट के कारण लास वेगास में हुई विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं ले सके थे।
अस्ताना टूर्नामेंट में लिहाजा भारत ने इस भारवर्ग में पहलवान नहीं उतारा है। भारतीय टीम में फ्री स्टाइल वर्ग में पांच, ग्रीको रोमन में छह और महिला वर्ग में भी छह पहलवान शामिल हैं।