दिग्गज टेनिस स्टार राफेल नडाल ने विजय अभियान जारी रखते हुए रिचर्ड बेरैकिंस को 6-4, 6-4, 4-6, 6-3 से हराकर विंबलडन के तीसरे दौर में जगह बना ली है। दूसरी वरीयता प्राप्त नडाल ने लिथूनिया के गैरवरीय खिलाड़ी को हराने के लिए तीन घंटे दो मिनट तक संघर्ष किया। 36 वर्षीय नडाल का तीसरे दौर में मुकाबला शनिवार को इटली के 27वीं वरीय लॉरेंजो सोनेगो से होगा।
सोनेगा ने दूसरे दौर के मैच में फ्रांस के ह्यूगो गैस्टन को 7-6, 6-4, 6-4 से शिकस्त दी। शुक्रवार को खेले गए पुरुष वर्ग के तीसरे दौर के मैच में अमेरिका के 23वीं वरीयता प्राप्त फ्रांसिस टियाफो ने कजाकस्तान के अलेक्जेंडर बब्लिक को 3-6, 7-6, 7-6, 6-4 से हराकर चौथे दौर में जग बनाई है। डच टेनिस खिलाड़ी टिम वान जिज्तोवैन ने जॉर्जिया के निकोलोज बासिलाश्विली को 6-4, 6-3, 6-4 से हराकर चौथे दौर में प्रवेश कर लिया।
खिताब जीतते ही छठे खिलाड़ी बन जाएंगे नडाल
राफेल नडाल यदि विंबलडन टूर्नामेंट में जीत दर्ज कर लेते हैं तो वह छठे ऐसे खिलाड़ी बन जाएंगे, जिसने साल के पहले तीनों ग्रैंडस्लैम खिताब लगातार जीते हों। रॉड लेवर ने सबसे पहले 1969 में सत्र के पहले तीनों ग्रैंडस्लैम जीते थे। उल्लेखनीय है कि 22 ग्रैंडस्लैम विजेता नडाल इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन और फ्रेंच ओपन जीत चुके हैं। नडाल के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास होगी, क्योंकि पिछले वर्ष चोट के कारण ऐसा लग रहा था कि नडाल टेनिस खेलना छोड़ देंगे।
चौथे दौर में पहुंची ओंस, गैरवरीय खिलाड़ी से हांरी सकारी
महिलाओं में तीसरी वरीयता प्राप्त ट्यूनीशिया की ओंस जेबुअर फ्रांस की डिआने पैरी को सीधे सेटों में 6-2, 6-2 से पराजित कर चौथे दौर में पहुंच गई हैं। गैरवरीय खिलाड़ी जर्मनी की तत्जाना मारिया ने पांचवीं वरीयता प्राप्त ग्रीक की मारिया सकारी को 6-3, 7-5 से हराकर चौथे दौर में जगह बनाई है। हीथर वाटसन ने काज जुवान 7-6, 6-2 से शिकस्त देकर चौथे दौर में प्रवेश किया।