पिछले हफ्ते जब बेल्जियम की टीम नेशंस लीग फुटबॉल में नीदरलैंड के खिलाफ हार गई थी, तब लंबे सत्र के बाद टूर्नामेंट में खेलने को लेकर टीम की प्रतिबद्धता को लेकर सवाल उठाए गए थे। बुधवार रात पोलैंड के खिलाफ एक गोल से पिछड़ने के बाद बेल्जियम टीम ने वापसी करते हुए 6-1 से जीत दर्ज करके सभी सवालों का जवाब दे दिया। पोलैंड के रॉबर्ट लेवांडोव्स्की ने अपना 76वां अंतरराष्ट्रीय गोल 28वें मिनट में करके टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन 42वें मिनट में बेल्जियम के एक्सेल विटसेल ने गोल करके स्कोर 1-1 से बराबरी पर ला दिया।
दूसरे हाफ में बेल्जियम के खिलाड़ी रहे हावी
मैच के दूसरे हाफ में बेल्जियम टीम के खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखने लायक था। मैदान में उनके आक्रामक खेल का अंदाज इसी से लगा सकते हैं कि टीम ने पांच गोल दागे। केविन डि ब्रुईन ने 59वें मिनट में टीम के लिए दूसरा गोल किया। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 24वां गोल था और वह बेल्जियम के शीर्ष 10 स्कोरर में शामिल हो गए। इसके बाद लिएंड्रो टोसार्ड ने दो गोल (73वें और 80वें मिनट) करके स्कोर 4-1 कर दिया। मैच के 83वें मिनट में लिएंडर डेनडोनकर ने गोल किया। वहीं, मैच के इंजुरी टाइम में (90+3) लोइस ओपेंडा ने टीम के लिए छठा और अपना पहला अंतरराष्ट्रीय गोल करके जीत सुनिश्चित की।
नीदरलैंड ने वेल्स को 2-1 से दी शिकस्त
ग्रुप डी के अन्य मैच में नीदरलैंड ने इंजुरी टाइम के चौथे मिनट में व्आउट वेगहोर्सट के हेडर से दागे गोल की बदौलत वेल्स को 2-1 से हरा दिया। इससे पहले 50वें मिनट में ट्यून कोपमेनर्स ने गोल करके नीदरलैंड को बढ़त दिलाई थी। हालांकि, पिछले हफ्ते 64 साल बाद विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने वाले वेल्स के राइस डेविस ने इंजुरी टाइम के दूसरे मिनट में गोल करके स्कोर बराबरी पर ला दिया था, लेकिन वेगहोर्सट ने टीम के लिए निर्णायक गोल दागा। ग्रुप बी के मैच में यूक्रेन ने आयरलैंड को 1-0 से और स्कॉटलैंड ने अर्मेनिया को 2-0 से शिकस्त दी।