टोक्यो ओलंपिक में पुरुष रैंकिंग राउंड स्पर्धा में भारतीय तीरंदाजों ने निराश किया। वह उस स्तर का प्रदर्शन नहीं कर पाए जैसी उनसे उम्मीद की जा रही थी। भारत की तरफ से इस स्पर्धा में तीन पुरुष तीरंदाजों ने भाग लिया। लेकिन स्पर्धा के दौरान निराशा हाथ लगी। भारत की तरफ से अतुन दास से बहुत उम्मीद थी लेकिन वह रैंकिंग राउंड में 653 अंकों के साथ 35वें स्थान पर रहे। जबकि प्रवीण जाधव 656 अंकों के साथ 31वें और तरुणदीप राय 652 पॉइंट्स के साथ 37वें नंबर पर रहे। जबकि कोरिया के डिओक जे किम ने पहला स्थान हासिल किया।
इससे पहले टोक्यो ओलंपिक में भारत की तरफ से दीपिका कुमारी ने रैंकिेंग राउंड में अपनी किस्मत आजमाई। विश्व की नंबर एक तीरंदाज दीपिका ने शानदार शुरुआत की। एक समय वह चौथे स्थान पर थीं। लेकिन जैसे-जैसे खेले आगे बढ़ा वह पिछड़ती चली गईं। लेकिन बाद में दीपिका टॉप 10 में जगह बनाने में सफल रहीं। उन्होंने 72 शॉट्स में 663 अंक हासिल कर नौवां नंबर पर रहीं। अब दीपिका का मुकाबले अगले राउंड में भूटान की कर्मा से होगा।
जहां तक पुरुष राउंड रैंकिंग मुकाबले की बात है तो अतनु दास ने अच्छी शुरुआत की। पहले सेट में वह 58 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर रहे। वहीं तरुणदीप 55 अंको के साथ 31वें और प्रवीण जाधव 54 अंको सहित 40वें नंबर पर रहे थे।
लेकिन इसके बाद अतनु की लय बिगड़ी। वह दूसरे और तीसरे सेट में कुछ खास नहीं कर पाए। इस दरम्यान वह खिसककर 11वें नंबर पर चले गए। जबकि प्रवीण जाधव 35वें और तरुण दीप 45वें स्थान पर चले गए।
इसके बाद जब अंत में परिणाम आया तो भारतीय तिकड़ी में शामिल कोई बी तीरंदाज टॉप 10 की तो बात छोड़िए अंतिम 30 में भी जगह नहीं बना सका। प्रवीण जाधव 31वें, अतनु दास 35वें और तरुणदीप रॉय 37वें नंबर पर रहे।
वहीं पुरुषों की इस स्पर्धा में कोरिया ने बाजी मारी। कोरिया को डिओक जे किम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए 688 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल करने में सफल रहे।