टेबल टेनिस की पुरुषों की एकल स्पर्धा में भारत के शरत कमल ने कमाल कर दिया। उन्होंने दूसरे राउंड में पुर्तगाल के टियागो अपोलोनिया को हराकर तीसरे दौर में जगह बना ली। छठे गेम में एक समय स्कोर 9-9 से बराबर होने के बाद शरत कमल ने अगले दो अंक हासिल किए और 4-3 से मुकाबला जीतकर तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
हॉकी में भारत की लगातार दूसरी हार
भारतीय महिला हॉकी टीम को पुल एक के दूसरे मैच में जर्मनी के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा। 'खेलों के महाकुंभ' में भारतीय टीम की यह लगातार दूसरी हार है। इससे पहले नीदरलैंड्स ने पहले मुकाबले में टीम इंडिया को 5-1 से हराया था। अब भारत का सामना बुधवार को ब्रिटेन से होगा।
टोक्यो ओलंपिक में महिला भारत की महिला टेबल टेनिस में चुनौती समाप्त हो गई है। आज मनिका बत्रा से उम्मीद थी कि वह जीत दर्ज कर अगले दौर में पहुंचेंगी लेकिन ऐसा हुआ नहीं। महिला एकल के तीसरे दौर में मनिका को 10वीं वरीयता प्राप्त ऑस्ट्रिया की सोफिया पोलकानोवा ने सीधे सेटों में 8-11, 2-11, 5-11, 7-11 से हरा दिया।
टोक्यो ओलंपिक में बैडमिंटन स्पर्धा के डबल्स मुकाबले में सात्विक रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा। इस भारतीय जोड़ी को दुनिया की नंबर 1 इंडोनेशिया की मार्कस और कोविन कि जोड़ी ने मात दी। उन्होंने इस भारतीय जोड़ी को 21-13 और 21-12 से हराया।
भारतीय बॉक्सर आशीष कुमार (75 किग्रा) राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में चीनी मुक्केबाज एर्बीके तुओहेता से हार गए। तुओहेता ने आशीष को 5-0 से हराया। आशीष ने दूसरे राउंड में वापसी करने की कोशिश लेकिन चीन के मुक्केबाज के आगे आशीष की एक न चली। ओलंपिक से बाहर होने वाले आशीष तीसरे भारतीय मुक्केबाज हैं। इससे पहले विकास कृष्ण (69 किग्रा) और मनीष कौशिक (63 किग्रा) भी शुरुआती दौर में ही हारकर बाहर हो गए थे। बता दें कि आशीष का यह पहला ओलंपिक था। उन्होंने डेब्यू किया था।
पहले मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली भारतीय तलवारबाज सीए भवानी को अगले दौर में हार का सामना करना पड़ा। भवानी को दुनिया की नंबर 4 फ्रांस की मानोन ब्रूनेट ने शिकस्त दी। इस हार के बाद टोक्यो ओलंपिक में सीए भवानी का सफर थम गया। हालांकि इससे पहले भवानी ने ट्यूनीशिया की बेन अजीजी नादिया को मात देकर अपना पहला मुकाबला जीता था।
भारत की टेबल टेनिस खिलाड़ी सुर्तिथा मुखर्जी को महिलाओं की एकल स्पर्धा के दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा। दूसरे राउंड में सुर्तिथा को पुर्तगाल की खिलाड़ी फु यु ने सीधे सेटों में 3-11, 3-11, 5-11, 5-11 से शिकस्त दी। इस हार के बाद भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी सुर्तिथा का सफर टोक्यो ओलंपिक में खत्म हो गया।
भारत के बैडमिंटन खिलाड़ी साई प्रणीत टोक्यो ओलंपिक से बाहर हो गए हैं। 2019 विश्व चैंपियनशिप को कांस्य पदक विजेता प्रणीत पुरुष सिंगल्स के नॉकआउट के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके। इस मैच में इस्राइल के मिशा जिल्बरमैन ने सीधे गेम में हरा दिया।
मेराज अहमद खान और अंगद वीर सिंह बाजवा मैंस स्कीट स्पर्धा में क्वालीफाई करने से चूक गए हैं। टोक्यो में निशानेबाजों का खराब प्रदर्शन लगातार जारी रहा। भारत को इस स्पर्धा में पदक की उम्मीद थी लेकिन निराशा हाथ लगी।
टोक्यो ओलंपिक के चौथे दिन भारतीय तीरंदाजी टीम ने जीत के साथ शुरुआत की। टीम ने कजाखस्तान को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि उसके बाद क्वार्टर फाइनल में अतनु दास, तरुणदीप राय और प्रवीण जाधव वाली भारतीय टीम का मुकाबला कोरिया से हुआ। कोरिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया को 6-0 से हरा दिया। इस हार के बाद भारत की पुरुष तीरंदाजी टीम इंवेट में चुनौती समाप्त हो गई।
टोक्यो ओलंपिक में चौथे दिन भारत का लगातार निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। अब भारतीय टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल टेनिस की पुरुषों की एकल स्पर्धा से बाहर हो गए हैं। सुमित को रूस के टेनिस खिलाड़ी डेनिल मेदवेदेव ने सीधे सेटों में 6-2, 6-1 से शिकस्त दी।
सेलिंग की लेजर स्टैंडर्ज रेस 2 स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ी विष्णु वर्धन कुछ खास नहीं कर पाए और वह 20वें नंबर पर है। जूरी ने एक घटना के चलते इस दौरान उन पर दो बार जुर्माना भी लगाया।
भारतीय तैराक साजन प्रकाश सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने से चूक गए। वह 200 मीटर बटरफ्लाई (हीट 2) में चौथे स्थान पर रहे। इसके लिए उन्होंने 1:57.22 समय निकाला।