फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टोक्यो ओलंपिक: कभी महिला एथलीट की बिकनी पर बवाल, तो कभी शॉर्ट्स से मुसीबत

Fri, 23 Jul 2021 05:39 PM IST
Harendra Chaudhary वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, टोक्यो

सार

18 जुलाई को इंग्लैंड के बेडफॉर्ड में लॉन्ग जंप स्पर्धा में भाग लेते समय दो बार पैरा ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीत चुकीं एथलीट लिविया ब्रीन ने जो कपड़े पहने, उसे ‘बहुत छोटा’ बताया गया। जबकि इसके पहले नॉर्वे की बीच हैंडबॉल टीम की खिलाड़ियों के परिधान को ‘ज्यादा लंबा’ बता कर उस पर सवाल उठाए गए थे...
विज्ञापन
ओलिविया ब्रीन - फोटो : Agency
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टोक्यो में ओलंपिक खेल शुरू हो चुके हैं। लेकिन इन खेलों के शुरू होने के पहले एक बड़ा विवाद महिला एथलीटों के परिधानों को लेकर खड़ा हुआ। उस बारे में अभी भी कोई आम सहमति नहीं बनी है। बीती 18 जुलाई को इंग्लैंड के बेडफॉर्ड में लॉन्ग जंप स्पर्धा में भाग लेते समय दो बार पैरा ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीत चुकीं एथलीट ओलिविया ब्रीन ने जो कपड़े पहने, उसे ‘बहुत छोटा’ बताया गया। जबकि इसके पहले नॉर्वे की बीच हैंडबॉल टीम की खिलाड़ियों के परिधान को ‘ज्यादा लंबा’ बता कर उस पर सवाल उठाए गए थे।

विज्ञापन


ओलिविया ब्रीन ने टीवी चैनल फ्रांस-24 से कहा है- ‘मुझसे कहा गया कि मुझे शॉर्ट्स पहनने पर सोचना चाहिए, क्योंकि अभी जो मैं पहनती हूं उससे शरीर का ज्यादा हिस्सा दिखता है। मुझे ये सुन कर हैरत हुई। मैंने संबंधित अधिकारी से पूछा कि क्या वे मजाक कर रही हैं। उन्होंने कहा- नहीं, तुमको सचमुच शॉर्ट्स पहनने पर विचार करना चाहिए।’ इस घटना के बारे में एक ट्वीट में ब्रीन ने कहा कि महिला खिलाड़ियों के परिधान को लेकर हमेशा दोहरा मानदंड अपनाया जाता है। उन्होंने पूछा कि क्या पुरुष खिलाड़ियों पर भी ऐसी कसौटियां लागू की जाएंगी।

विज्ञापन

ब्रीन ने फ्रांस-24 से कहा- ‘यह 2021 है, 18वीं सदी नहीं। किसी को भी मुझे यह नहीं बताना चाहिए कि मैं क्या पहनूं।’ ब्रीन अब तोक्यो पैरा ओलंपिक में भाग लेने के लिए तोक्यो पहुंच चुकी हैं। उन्होंने बताया कि उस घटना के बाद अभी तक किसी ने उनसे परिधान के बारे में बात नहीं की है। लेकिन महिला खिलाड़ियों के ड्रेस को लेकर विवाद कोई नई बात नहीं है। कुछ समय पहले यूरोपियन हैंडबॉल एसोसिएशन ने नॉर्वे की बीच हैंडबॉल टीम पर 1,500 यूरो का जुर्माना लगाया था। टीम की खिलाड़ियों ने यूरो-2021 चैंपियनशिप के दौरान बिकनी के बजाय शॉर्ट्स पहना था। एसोसिएशन ने कहा कि नॉर्वे की टीम का ड्रेस ‘अनुचित’ था। उसके मुताबिक बीच हैंडबॉल खेलते समय बिकनी पहनना अनिवार्य है। यह नियम इंटरनेशनल हैंडबॉल फेडरेशन ने बना रखा है।

लेकिन पुरुष बीच हैंडबॉल के खिलाड़ी दस सेंटीमीटर तक लंबे शॉर्ट्स पहन सकते हैं। उस बारे में नियम सिर्फ यह है कि शॉर्ट्स को घुटनों के ऊपर होना चाहिए और उसे बैगी जैसा नहीं दिखना चाहिए। तोक्यो ओलंपिक में बीच हैंडबॉल को शामिल नहीं किया गया है। इसलिए वहां ये विवाद फिर से नहीं उठेगा। लेकिन इन हालिया विवादों ने महिला खिलाड़ियों पर ड्रेस कोड थोपने की प्रवृत्ति पर एक फिर से रोशनी डाली है।

ओलंपिक खेलों में कैसा परिधान पहना जाएगा, इस बारे में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) का कहना है कि यह तय करना उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। बल्कि इस बारे में फैसला अलग-अलग खेलों के अंतरराष्ट्रीय परिसंघ करते हैं। उधर फ्रांस-24 ने अपने एक विश्लेषण में कहा है कि अंतरराष्ट्रीय खेल परिसंघों ने इस बारे में कोई समान नियम नहीं बनाए हैं। यही वजह है कि अकसर परिसंघों और उनके अधिकारियों की महिलाओं से भेदभाव संबंधी सोच लागू किए जाने वाले नियमों में झलक जाती है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें