टोक्यो ओलंपिक 2020 टॉर्च लाइटिंग सेरेमनी
- फोटो : सोशल मीडिया
कोरोनोवायरस के प्रकोप के कारण टोक्यो 2020 ओलंपिक टॉर्च लाइटिंग समारोह का आयोजन दर्शकों के बिना आयोजित किया जाएगा। ओलंपिक में इस तरह का आयोजन 35 साल बाद हो रहा है। इससे पहले लॉस एंजिल्स ओलंपिक 1984 में ऐसा हुआ था।
12 मार्च को ग्रीस के ओलंपिया में होने वाले इस समारोह का आयोजन अब केवल 100 मान्यता प्राप्त गेस्ट के सामने होगा। टोक्यो 2020 के एक बयान में कहा गया, 'हेलेनिक ओलंपिक समिति (एचओसी) ने सोमवार को घोषणा की कि ओलंपिक टॉर्च लाइटिंग समारोह का आयोजन दर्शकों के बिना ही होगा।'
11 मार्च को इस समारोह का ड्रेस रिहर्सल होगा। मगर यह रिहर्सल दर्शकों और मीडिया के लिए बंद रहेगा।टोक्यो ओलंपिक गेम्स 24 जुलाई से लेकर नौ अगस्त तक चलेगा। हालांकि, जानलेवा कोरोनावायरस के चलते इस पर संकट मंडराने लगा है।
बीते कुछ दिनों पहले अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के एक वरिष्ठ सदस्य ने बताया था कि अगर मई अंत तक कोरोनावायरस पर काबू नहीं पाया जाता है तो ओलंपिक खेल रद्द किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा ऐसी स्थिति में ओलंपिक खेल का समय नहीं बदला जाएगा न ही इन्हें स्थगित किया जाएगा, बल्कि खेल रद्द कर दिए जाएंगे।
इससे पहले विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा था कि चीन में कोरोना वायरस के फैले संक्रमण के कारण टोक्यो ओलंपिक पर जोखिम मंडराने या आयोजन रद्द होने का कयास लगाना अभी जल्दबाजी होगी, लेकिन चीन में अभी तक इस पार काबू नहीं पाया जा सका है। जापान में भी उस समय तक 28 से ज्यादा लोग इससे संक्रमित पाए गए थे।